ओडिशा में बारिश के कारण आई बाढ़ से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। इन हालातों के बीच मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को जाजपुर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है और वहां जमीनी हालात का जायजा लिया। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षा और मदद का भरोसा भी दिया है।

मुख्यमंत्री ने दशरथपुर ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित कसापा और तारापाड़ा ग्राम पंचायतों का दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने लोगों से बातचीत की और बाढ़ से हुए नुकसान के बारे में जानने की कोशिश की। इसी बीच ही मयूरभंज जिले में एक संपर्क मार्ग भी पानी के तेज बहाव में बह गया है।

स्थिति पर सरकार रख रही बारीकी से नजर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के कई हिस्सों में फिर से भारी बारिश से पैदा हुई बाढ़ की स्थिति पर कड़ी और लगातार नजर रखे हुए है। मोहन चरण माझी ने कहा, “बचाव और राहत ऑपरेशन के लिए, तीन सीनियर और अनुभवी अधिकारियों को बालासोर, भद्रक और जाजपुर जिलों के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियाँ दी गई हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “लोगों की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है,” उन्होंने निचले इलाकों में रहने वालों से अपील की कि वे प्रशासन के साथ सहयोग करें, सरकारी सलाह मानें और जब भी कहा जाए, सुरक्षित जगहों पर चले जाएँ।

लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी- सीएम माझी

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों तक भोजन, पेयजल, दवाइयां और अन्य आवश्यक राहत सामग्री समय पर पहुंचाई जाए। संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रशासन से कहा कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बाढ़ से 5 लाख लोग प्रभावित

उत्तर ओडिशा में लगातार बारिश हो रही है, इससे कई जिलों में बाढ़ की गंभीर स्थिति बनी हुई है। हालिया रिपोर्टों के मुताबिक, करीब पांच लाख लोग बाढ़ की वजह से प्रभावित हैं।

मयूरभंज में संपर्क मार्ग कटा

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मयूरभंज जिले के सुलियापदा ब्लॉक में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। यहां तेज बहाव के कारण झलियामारा में कोस्था-देउली मुख्य सड़क का एक हिस्सा बह गया है, जिससे इलाके की 15 पंचायतों का सड़क संपर्क कट गया है। इधर मौसम विभाग ने भी 18 अगस्त तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।

इस बीच, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पूर्वी तटीय क्षेत्र में बारिश की स्थिति और रेलवे के कामकाज को लेकर समीक्षा की और पूर्वी रेलवे के महाप्रबंधक को जलभराव वाले खंड़ों की निगरानी करने और ट्रेनों की आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें: ओडिशा: सरकारी स्कूल में फंसे 300 से अधिक छात्र और शिक्षक, ग्राउंड फ्लोर में भर गया बाढ़ का पानी

ओडिशा के एक सरकारी आवासीय स्कूल में 300 से अधिक छात्र और शिक्षक शनिवार से बाढ़ के कारण फंसे हुए हैं। यह अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति स्कूल केंद्रपाड़ा जिले के कुलासाही गांव में स्थित हैं। शनिवार से फंसे होने के बाजवजूद उन्हें बचाने के लिए अभी तक कोई भी मदद नहीं पहुंची है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें