बिहार में राज्यसभा चुनाव के बाद वोटिंग से गैरहाज़िर रहे कांग्रेस विधायक की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। सोमवार को हुए चुनाव में कांग्रेस के तीन और आरजेडी के एक विधायक ने मतदान नहीं किया था, जिसकी वजह से एनडीए सभी पांचों सीटों पर जीत दर्ज करने में सफल रही। अब कांग्रेस विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने राज्यसभा चुनाव में मतदान न करने पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि यह मेरी मर्जी है कि मुझे वह व्यक्ति पसंद है या नहीं।
कहा, “मैंने कल मतदान नहीं किया। जहां तक किसी भी जगह से उम्मीदवार लाने की बात है, यह मेरी मर्जी है कि मुझे वह व्यक्ति पसंद है या नहीं। जिस निर्वाचन क्षेत्र से मैं आता हूं जिस पार्टी से मैंने चुनाव लड़ा और मुझे उनसे कोई समर्थन नहीं मिला, तो मैं ऐसे व्यक्ति को वोट क्यों दूं?”
वाल्मीकिनगर से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र कुशवाहा के मीडिया प्रभारी विनय यादव ने बताया कि उन्होंने मतदान इसलिए नहीं किया क्योंकि वे महागठबंधन के घोषित उम्मीदवार से संतुष्ट नहीं थे। कुशवाहा आरजेडी के एडी सिंह की जगह पार्टी नेता दीपक यादव को उम्मीदवार बनाए जाने के पक्ष में थे लेकिन उनकी राय पर ध्यान नहीं दिया गया। इसी कारण उन्होंने मतदान से दूरी बनाई।
कौन हैं अमरेंद्र सिंह जिनके नाम पर था कांग्रेस विधायक को ऐतराज?
राज्यसभा चुनाव के लिए आरजेडी के दो उम्मीदवारों में से एक के रूप में बिजनेसमैन अमरेंद्र धारी सिंह के नाम की घोषणा ने पार्टी के अधिकांश नेताओं को चौंका दिया था। सिंह द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करने के समय उपस्थित आरजेडी विधायकों ने बताया था कि वे उनसे कभी नहीं मिले हैं। हालांकि, आरजेडी के एक अन्य विधायक ने अमरेंद्र के नामांकन का कारण बताते हुए कहा था कि यह चुनावी वर्ष है और हर पार्टी को पैसों की जरूरत होती है। विधायक ने कहा था, “चुनाव लड़ने के लिए हर पार्टी को पैसों की जरूरत होती है। ऐसे लोगों का होना अच्छा है जिनके पास पैसा हो और जो पार्टी को आर्थिक सहायता दे सकें।”
बिहार राज्यसभा चुनाव में सभी पांच सीटों पर NDA की जीत
बिहार में सोमवार (16 मार्च) को राज्यसभा चुनाव में सभी पांच सीटों पर NDA ने जीत हासिल की। मतदान के दौरान विपक्षी महागठबंधन के चार विधायकों की गैरहाजिरी से राजनीतिक समीकरण बदल गया, इससे एनडीए को निर्णायक बढ़त मिल गई। कांग्रेस के तीन विधायकों और आरजेडी के एक विधायक ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
