Assam CM Sarma Karnataka: कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दक्षिणी राज्य में सत्ता हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। इसको लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार (13 मार्च, 2023) को चुनावी राज्य कर्नाटक का दौरा किया। कनकगिरी में एक ‘विजय संकल्प’ रैली को संबोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री ने लोगों से भाजपा को सत्ता में लाने की अपील की। हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि हमें यहां भारतीय जनता पार्टी को सत्ता में लाना है। हमें अब बाबरी मस्जिद की जरूरत नहीं है, हमें राम जन्मभूमि चाहिए।”
इसके अलावा सरमा ने लंदन की टिप्पणी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि वायनाड के सांसद कभी भी देश के प्रधान मंत्री नहीं बन पाएंगे, जब तक कि नरेंद्र मोदी हैं। सरमा ने कहा कि राहुल गांधी ने लंदन में भारत को बदनाम करने की कोशिश की, लेकिन मैं उनसे कहना चाहता हूं कि ‘जब तक मोदी जी हैं, आप कभी भी पीएम नहीं बन पाएंगे।”
‘कर्नाटक में भारत जोड़ो और लंदन में भारत तोड़ो की बात करते राहुल गांधी’
असम के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता हिमंत विश्व सरमा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए कर्नाटक का दौरा करते हैं और लंदन जाकर ‘भारत तोड़ो’ की बात करते हैं। यहां भाजपा की ‘विजय संकल्प यात्रा’ में भाग लेते हुए सरमा ने भगवान राम और हनुमान का कई बार उल्लेख किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की।
‘राहुल गांधी के नानाजी ने देश को बांटा’
सरमा ने कहा, ‘‘अगर प्रधानमंत्री मोदी लंदन या अमेरिका जाते हैं तो भारत की बड़ाई करते हैं, लेकिन जब हमारे राहुल बाबा (राहुल गांधी) लंदन जाते हैं तो भारतीयों और भारत की संसद के बारे में बुरा-भला कहते हैं। उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी कर्नाटक में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए आते हैं और लंदन में वह ‘भारत तोड़ो’ की बात करते हैं।’ उन्होंने दावा किया कि ‘राहुल गांधी के नानाजी‘ ने देश को बांटा।