नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा रेजिडेंशियल बिल्डिंग की 43वीं मंजिल से जिस व्यक्ति ने कूदकर आत्महत्या की थी उसके पीछे की वजह को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आत्महत्या करने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन आर्थिक समस्याओं के साथ-साथ पारिवारिक विवाद से भी जूझ रहे थे।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि गुरुग्राम के मानेसर के रहने वाले संभव जैन की पत्नी उनके बच्चे को लेकर उनसे अलग रह रही थी। इस दंपत्ती के बीच संबंधों को लेकर तनाव इतना बढ़ गया था कि बात तलाक तक पहुंच गई थी।
पति-पत्नी में था पारिवारिक विवाद
पुलिस के मुताबिक, संभव जैन की शादी साल 2024 में हुई थी। शादी के बाद पत्नी को समय से पहले संतान हुई थी। बच्चे और पत्नी के इलाज में करीब 35 लाख रुपये खर्च हुए थे। इसके अलावा पिछले 6 महीने से संभव की पत्नी उससे अलग रह रही थी। पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया था कि बात तलाक तक पहुंच गई थी।
3 करोड़ की देनी थी एलिमनी, 1 करोड़ दे चुका था
मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि संभव और उसकी पत्नी का तलाक 2025 में हो गया था और 3 करोड़ की एलिमनी देना तय हुआ था। इसमें से 1 करोड़ रुपये संभव दे चुका था और 2 करोड़ देना बाकी था। इसी वजह से वह आर्थिक तंगी से गुजर रहा था और इसी वजह से वह डिप्रेशन में भी था। संभव ने आत्महत्या करने से पहले अपने पिता को भी यह मैसेज किया था कि अब आपको पैसे नहीं देने होंगे।
पत्नी को एलिमनी देने से ही पहुंचे थे आर्थिक तंगी में
संभव ने अपने पिता को जो आखिरी मैसेज किया था उसमें यह लिखा था कि वह लगातार आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संभव जैन ने मौत से पहले एक वीडियो भी बनाया था। इसमें उन्होंने आर्थिक परेशानियों का जिक्र किया। बताया जा रहा है कि तलाक के समझौते के तहत उन्हें अपनी पत्नी को करीब तीन करोड़ रुपये देने थे। इसमें से एक करोड़ रुपये वह दे चुके थे, जबकि बाकी रकम की दूसरी किस्त कुछ समय बाद देनी थी। रकम की देनदारी और कर्ज को लेकर वह काफी तनाव में थे।
नीचे गिरने के बाद क्षत विक्षत हो गया शरीर
घटना के समय सोसाइटी के स्पायर टावर से उन्होंने छलांग लगाई। नीचे गिरने के बाद शरीर पार्किंग की छत से टकराया और बुरी तरह क्षत विक्षत हो गया। सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के दौरान संभव जैन को बचाने के लिए कुछ लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बताया जा रहा है कि उनका वजन 140 किलो था इसलिए उनका हाथ बचाने वालों के हाथ से फिसल गया।
यह भी पढ़ें: सुपरनोवा अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन की नई पॉलिसी, अब स्टूडेंट और बैचलर को आसानी से नहीं मिलेगा फ्लैट
नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरटेक सुपरनोवा बिल्डिंग की 43वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने की घटना के बाद सुपरनोवा अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (SNAOA) ने नए नियम लागू किए हैं। इन नए नियमों के तहत एसोसिएशन ने फ्लैट मालिकों से कहा है कि वे प्राथमिकता के आधार पर परिवारों, कामकाजी पेशेवरों या अन्य लीगल कैटेगिरी वाले लोगों को ही फ्लैट किराए पर दें। यहां पढ़ें पूरी खबर…
