नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 15 जून से कमर्शियल फ्लाइट्स का संचालन शुरू करने की तैयारी है। इसके तहत जेवर एयरपोर्ट पर तैयारियों का आकलन किया गया। शुरुआत में, नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ानें पांच शहरों अमृतसर, बेंगलुरु , हैदराबाद , जम्मू और नवी मुंबई तक जाएंगी।
हवाई अड्डे पर बुधवार को अपने परिचालन तत्परता, एक्टिवेशन एंड ट्रांजिशन (ORAT) प्रोग्राम के तहत विमान टर्नअराउंड परीक्षण किया ताकि लॉन्च के लिए अपनी तैयारियों का आकलन किया जा सके। जेवर में स्थित इस हवाई अड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को किया था। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे के बाद यह दिल्ली -एनसीआर में दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा। आइए जानते हैं नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर क्या-क्या सुविधाएं उपलब्ध हैं और यहां तक आसानी से कैसे पहुंचा जा सकता है?
निजी बस ऑपरेटरों के अलावा सार्वजनिक बस सेवाएं भी उपलब्ध होंगी
एयरपोर्ट से आने-जाने वाले यात्रियों के पास परिवहन के कई विकल्प उपलब्ध होंगे। आगरा, लखनऊ , अयोध्या, देहरादून, चंडीगढ़ , मनाली और शिमला जैसे शहरों के लिए सेवाएं देने वाले निजी बस ऑपरेटरों के अलावा सार्वजनिक बस सेवाएं भी उपलब्ध होंगी।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) कई रूट्स पर बस संचालित करेगा जिनमें मथुरा, वृंदावन, नोएडा, आगरा, मेरठ, अलीगढ़, बुलंदशहर, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, गढ़मुक्तेश्वर, गाजियाबाद, हाथरस, खुर्जा, मुरादाबाद और शिकोहाबाद शामिल हैं। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) सभी प्रमुख अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों (कश्मीरी गेट आईएसबीटी, आनंद विहार आईएसबीटी, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन) के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवाएं संचालित करेगा।
हरियाणा रोडवेज (HR) फरीदाबाद, गुड़गांव, कुरूक्षेत्र, चंडीगढ़, पलवल, हिसार, नारनौल, पानीपत और अंबाला के लिए कनेक्टिविटी संचालित करेगा। उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और हल्द्वानी के लिए नियमित बसें चलाएगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर क्या हैं पार्किंग चार्ज?
बसों के अलावा, नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अधिकृत टैक्सी ऑपरेटर और ऐप-आधारित कैब सेवाएं भी उपलब्ध हैं। यात्री हवाई अड्डे पर अपने वाहन भी पार्क कर सकते हैं। पार्किंग शुल्क वाहन के प्रकार और पार्किंग की अवधि के आधार पर अलग-अलग होता है। प्राइवेट गाड़ियों के लिए पहले 2 घंटे के लिए 150 रुपये चार्ज किए जाएंगे। इसके बाद हर एक घंटे पर ₹100 एक्स्ट्रा चार्ज किए जाएंगे। दिन भर की पार्किंग के लिए 600 रुपये पूरे दिन का शुल्क होगा। वहीं, कमर्शियल वाहनों के लिए पहले 120 मिनट के लिए चार्ज ₹200 होगा। इसके बाद हर 60 मिनट पर ₹100 एक्स्ट्रा चार्ज किए जाएंगे। दिन भर की पार्किंग के लिए 700 रुपये पूरे दिन का शुल्क होगा।
यह भी पढ़ें: निर्यात के दम पर वैश्विक व्यापार का नया हब बना गौतमबुद्ध नगर
गौतमबुद्ध नगर देश की अर्थव्यवस्था और वैश्विक व्यापार का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। औद्योगिक विकास, इलेक्ट्रानिक्स विनिर्माण और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से बढ़ती कनेक्टिविटी के चलते जिले के निर्यात में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
