नोएडा के सेक्टर-75 स्थित आइवी काउंटी अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं, जिनमें इमारत से धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है। साथ ही आग की लपटें भी देखी जा सकती हैं। आग लगने के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक निवासी ने मदद की अपील भी की। जानकारी के मुताबिक, आग टावर B2 की 12वीं मंजिल पर लगी थी। आग बुझाने के लिए मौके पर दमकल विभाग की पांच गाड़ियां पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया।
यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब करीब एक महीने पहले इंदिरापुरम की गौर एवेन्यु में लगी भीषण आग में करोड़ों रुपये के 14 फ्लैट जलकर खाक हो गए थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है। जबकि आग की चपेट में आई फ्लैट के आसपास के अन्य फ्लैटों को खाली करा लिया गया है।
लोगों को सीढ़ियों से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट या बालकनी में रखे किसी उपकरण के कारण आग लगी होगी। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुष्टि नहीं की गई है। आग बुझाने काम किया जा रहा है। चूंकि, आग 12वीं मंजिल पर लगी है, इस कारण फायर ब्रिगेड की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
सेक्टर-52 स्थित रेस्टोरेंट में लगी आग
सेक्टर 75 के अलावा शुक्रवार को नोएडा के सेक्टर-52 स्थित एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के अंदर बने रेस्टोरेंट में भी आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित रेस्टोरेंट में लगी थी। शुरुआती जानकारी में कुछ लोगों के इमारत के अंदर फंसे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।
एक फायर अधिकारी ने बताया कि विभाग का रिस्पॉन्स टाइम काफी तेज रहा और सभी दमकल वाहन तुरंत मौके पर पहुंच गए। आधुनिक उपकरणों की मदद से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, बचाव दल ने इमारत में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
यह भी पढ़ें – अग्निकांड: मौत के बाद जांच, जांच के बाद खामोशी, हादसे अचानक नहीं होते | संपादकीय
किसी भी हादसे का सबसे जरूरी सबक यह होना चाहिए कि भविष्य में ऐसे इंतजाम किए जाएं, ताकि वैसी घटना दोबारा न हो। मगर ऐसा लगता है कि आए दिन इमारतों में आग लगने और उसमें लोगों की जान जाने की घटनाओं से कोई सबक नहीं लेने की लापरवाही एक सामान्य चलन बन चुकी है। पूरी खबर पढ़ें…
