दिवाली से पहले फूड सेफ्टी अधिकारियों ने नोएडा में मिठाई दुकानों पर छापेमारी कर 450 किलो खराब बूंदी जब्त कर ली और करीब 400 किलो रसगुल्ले नष्ट कर दिए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की तीन टीमों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। ग्रेटर नोएडा के बिलासपुर में मिठाई बनाने वाली एक दुकान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और अमर बहादुर सरोज ने जांच की। वहां बड़े-बड़े एल्युमिनियम और स्टील के बर्तनों में रसगुल्ले और गुलाब जामुन रखे हुए थे।

अधिकारियों ने एक बर्तन से रसगुल्ले निकालकर देखे तो वे खराब और दूषित मिले। उनमें मक्खियां और मच्छर भी थे। एक अधिकारी ने बताया, “बर्तन में रखे करीब 100 किलो रसगुल्ले खाने लायक नहीं थे। उनमें मक्खियां और मच्छर मिले, इसलिए उन्हें नष्ट कर दिया गया।” अधिकारियों ने इन रसगुल्लों को एक बड़े गड्ढे में डालकर नष्ट किया। टीम ने जांच के लिए छेना और रसगुल्ले के एक-एक नमूने भी लिए।

इसी टीम ने नोएडा के सेक्टर 58 में मिठाई बनाने वाली एक दुकान से बूंदी के लड्डू का नमूना लिया। वहीं, दूसरी टीम ने सेक्टर 62 की एक इकाई से रसगुल्ले, बूंदी के लड्डू और बूंदी के नमूने लिए।

खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने बताया कि सेक्टर 62 की इकाई से करीब 450 किलो बूंदी जब्त की गई और लगभग 300 किलो रसगुल्ले नष्ट किए गए। उन्होंने बताया कि मिठाइयां बेहद गंदी जगह पर रखी थीं। उन पर मक्खियां और मच्छर बैठ रहे थे।

लाइसेंस निलंबित

सर्वेश मिश्रा ने कहा कि इस इकाई में गंदगी के बीच मिठाइयां बनाई जा रही थीं। इसलिए सफाई और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं में सुधार होने तक इसका लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल वहां मिठाई बनाने पर रोक लगा दी गई है।

बुधवार को विभाग की टीमों ने कुल सात नमूने लिए। अधिकारियों ने मिठाई कारोबारियों को साफ निर्देश दिया कि वे सामान केवल उन्हीं लोगों से खरीदें, जिनके पास खाद्य सुरक्षा विभाग का लाइसेंस है या जिन्होंने इसके तहत अपना पंजीकरण कराया है।

सर्वेश मिश्रा ने कहा कि मिठाई कारोबारी सामान खरीदने से पहले उसकी बनाने की तारीख, बैच नंबर और दूसरी जरूरी जानकारियां जरूर जांचें। इन बातों की जांच करने के बाद ही सामान खरीदें और ग्राहकों को बेचें।

यह भी पढ़ें-दिवाली पर मेहमानों को खिलाएं घर के बने गुलाब जामुन, बेहद आसान है रेसिपी

भारत की प्रसिद्ध मिठाइयों में से एक गुलाब जामुन भी है, जो लगभग हर गांव से लेकर शहरों तक में आसानी से मिल जाती है। गुलाब जामुन अपने खास स्वाद और मुलायम बनावट के लिए जाने जाते हैं। बाजार में मिलने वाले गुलाब जामुन नरम, मुलायम और चाशनी से भरे होते हैं। दीवाली के मौके पर मिठाइयों का खास स्थान रहता है। इस मौके पर लोग पूजा-पाठ, उपहार देने और मेहमाननवाजी के दौरान मिठाइयां खिलाते हैं। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।