Noida Traffic News: नोएडा की सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे आटो और ई-रिक्शा यातायात व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। जिले में 60 हजार से अधिक आटो और ई-रिक्शा संचालित होने के बावजूद इनके लिए न तो निर्धारित रूट हैं और न ही व्यवस्थित स्टैंड की पर्याप्त व्यवस्था। ऐसे में प्रमुख चौराहों, मेट्रो स्टेशनों और व्यस्त बाजारों के आसपास वाहनों का जमावड़ा लगने से आए दिन जाम की स्थिति बनती है। वहीं, सड़क के बीचों-बीच वाहन रोककर सवारियां बैठाने और उतारने से हादसों का खतरा भी बढ़ रहा है।

परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में 18,528 सीएनजी आटो और 17,000 ई-आटो संचालित हो रहे हैं। वहीं, ई-रिक्शा की संख्या 28,465 तक पहुंच गई है। आंकड़ों के अनुसार, हर महीने करीब 250 से 350 नए ई-रिक्शा सड़कों पर उतर रहे हैं।

कम लागत की वजह से कई लोग चला रहे हैं आजीविका

कम लागत, आसान संचालन और बैटरी चालित वाहनों की बढ़ती मांग के चलते ई-रिक्शा रोजगार का प्रमुख साधन बन रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग इससे अपनी आजीविका चला रहे हैं, लेकिन वाहनों की बढ़ती संख्या के अनुरूप यातायात प्रबंधन की व्यवस्था विकसित नहीं हो पाई है। आटो और ई-रिक्शा चालकों की मनमानी का असर शहर की प्रमुख सड़कों पर साफ दिखाई देता है।

कई चालक सड़क के बीच में ही वाहन रोककर सवारियां बैठाने और उतारने लगते हैं। इससे पीछे चल रहे वाहनों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। अचानक वाहन रुकने से दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है।

सेक्टर-61 निवासी राजीव कपूर का कहना है कि सुबह और शाम के व्यस्त समय में यह समस्या अधिक गंभीर हो जाती है। वहीं, सेक्टर-34 निवासी अनिता शर्मा के मुताबिक, मुख्य सड़कों पर अचानक ई-रिक्शा खड़े हो जाने से पीछे चल रहे वाहन चालकों को परेशानी होती है। कार्यालयों और स्कूलों की छुट्टी के समय यातायात का दबाव बढ़ने से स्थिति और बिगड़ जाती है।

शहर के कई प्रमुख स्थानों पर आटो और ई-रिक्शा का बेतरतीब जमावड़ा यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है। सेक्टर-51 और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के आसपास, सेक्टर-16 से सेक्टर-18 तक के प्रमुख मार्गों, सेक्टर-59 से सेक्टर-62 के बीच तथा बाटनिकल गार्डन और सूरजपुर गोलचक्कर के आसपास अक्सर जाम की समस्या सामने आती है।

गौतमबुद्ध नगर के डीसीपी यातायात प्रवीण रंजन सिंह ने कहा कि चालकों को जागरूक किया जा रहा है। उन्हें सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने और बीच रास्ते वाहन खड़े कर यातायात बाधित नहीं करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

दुर्गा पूजा से पहले इंद्रधनुषी फ्लाईओवर बना फिसलन का जाल, 3 बाइक गिरीं- वीडियो वायरल होने पर मंत्री ने दिया जवाब

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता में फ्लाईओवर पर 3 बाइक लगातार फिसलकर गिर गईं, वीडियो के वायरल होने के बाद सरकार ने इंद्रधनुषी रंगों से रंगे फ्लाईओवर पर सड़क संकेतक लगाए हैं और एक पुल की सतह को खुरदरा बनाया है। यह कदम बारिश के बाद फ्लाईओवर पर तीन मोटरसाइकिलों के कथित तौर पर फिसलने के बाद उठाया गया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक