पुणे में चार साल की बच्ची के यौन उत्पीड़न के मामले में पिता ने अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग करते हुए नेताओं से अपील की है। पिता ने कहा है कि जब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिल जाता और आरोपी को मौत की सजा नहीं मिल जाती, तब तक कोई नेता उनके घर पर शोक व्यक्त करने न आए।
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार बच्ची के पिता ने कहा, “मुझे रिश्तेदारों और दोस्तों से पता चला है कि कई राजनेता शोक व्यक्त करने के लिए हमारे घर आ रहे हैं।” उन्होंने कहा, “मैं अपने परिवार और अपनी ओर से एक निवेदन करना चाहता हूं कि जब तक मेरी बेटी को न्याय नहीं मिल जाता और आरोपी को मौत की सजा नहीं मिल जाती, तब तक कोई भी राजनेता हमसे मिलने हमारे घर न आए।”
बच्ची के साथ हुई इस जघन्य घटना से पुणे के भोर क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और सैकड़ों ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी दलों के नेताओं ने भी इस घटना की कड़ी आलोचना की और राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। इस मामले में पुलिस ने आपराधिक रिकॉर्ड रखने वाले 65 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।
मौत की सजा की मांग करेगी सरकार : फड़नवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने रविवार को आश्वासन दिया कि सरकार इस मामले में आरोपी के लिए मृत्युदंड की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न्याय सुनिश्चित करने के लिए मुकदमे की सुनवाई में तेजी लाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने बच्ची के परिवार से बात की और उन्हें पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आरोपी को मौत की सजा दिलाने की हर संभव कोशिश करेगी।
लोगों ने किया प्रदर्शन, लगा लंबा जाम
इस मामले में लोगों ने शनिवार को मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग को जाम कर दिया जिसके कारण लगभग चार घंटे तक यातायात ठप रहा। बच्ची के परिवार के सदस्यों और प्रदर्शनकारियों ने शनिवार शाम को ‘नवाले ब्रिज’ क्षेत्र में पीड़िता के शव को सड़क पर रख दिया और इस मामले में गिरफ्तार किए गए शख्स को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की।
आरोपी शख्स मजदूर है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बच्ची को कथित तौर पर खाना दिलाने का लालच देकर फुसलाया और वह उसे मवेशियों के बाड़े में ले गया, जहां उसने उसका यौन उत्पीड़न किया और फिर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि रिश्तेदारों ने बच्ची की तलाश शुरू की और इसी दौरान एक घर के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बच्ची के साथ नजर आया जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे सात मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
प्लांट से कैरोसीन गैस लीक, 24 लोगों की तबीयत बिगड़ी
पुणे में बंद पड़े वाटर प्यूरीफिकेशन प्लांट से कैरोसीन गैस लीक होने से 24 लोगों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुरुवार देर रात क्लोरीन टैंक से गैस का रिसाव हुआ था। रिसाव के तुरंत बाद ही लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
