Gujarat News: गुजरात के पंचमहल जिले के एक सरकारी स्कूल में 12वी क्लास के एक छात्र ने कथित तौर पर एक महिला शिक्षिका को थप्पड़ मार दिया, सिर्फ इसलिए क्योंकि उन्होंने उसे एग्जाम में लेट आने पर सवाल किया था। यह घटना एसजे दवे हाई स्कूल की है। 24 जनवरी को हुई इस बदसलूकी का सीसीटीवी फुटेज अब तेजी से वायरल हो गया है।
पुलिस ने बताया कि छात्र दूसरे प्रीलिमरी टेस्ट के लिए एग्जाम हॉल में देर से पहुंचा। जब महिला इनविजिलेटर ने उससे देरी का कारण पूछा तो छात्र को गुस्सा आ गया। उसने कहा, “घर पर मुझसे कोई कुछ नहीं पूछता, तो तुम कौन होती हो मुझसे सवाल करने वाली?” इसके बाद उसने टीचर के गाल पर थप्पड़ मारा, उसे धक्का दिया और क्लास से भाग गया।
सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई घटना
यह घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। टीचर इंचार्ज प्रिंसिपल के पास गईं और लड़के के पिता को बुलाया गया। पिता ने शिक्षक से माफी मांगी और यह तय किया गया कि प्रिंसिपल के लौटने पर 27 जनवरी को आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। 27 जनवरी को छात्र, उसके पिता और 20 अन्य लोग स्कूल आए। टीचर ने आरोप लगाया कि समूह ने उन्हें धमकी दी कि वे कस्बे में अकेली रहती हैं और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। टीचर मूल रूप से नवसारी की रहने वाली हैं। उन्होंने कहा कि शुरुआत में वे डर गई थीं, लेकिन आखिरकार उन्होंने शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया।
ये भी पढ़ें: ‘मंदिर का पुजारी भगवान का सेवक है, जमीन का मालिक नहीं’, गुजरात हाई कोर्ट ने खारिज की याचिका
पुलिस ने दर्ज की थी शिकायत
टीचर की शिकायत के आधार पर 3 फरवरी को शेहरा पुलिस स्टेशन में छात्र, चार नामजद व्यक्तियों और 15 से 20 अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बाद में छात्र को अदालत में पेश किया गया। हालांकि, उसे जमानत मिल गई। आरोपी ने दावा किया कि वह अन्य लोगों के साथ केवल टीचर और स्कूल स्टाफ से माफी मांगने के लिए स्कूल लौटा था। पुलिस इंस्पेक्टर ने कहा कि छात्र के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
इस घटना से पूरे जिले के टीचरों में आक्रोश फैल गया है और वे इसमें शामिल लोगों और ऐसे कृत्यों का समर्थन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
