गुरुग्राम के सेक्टर-65 स्थित ‘ट्रम्प टावर्स’ में 6.68 करोड़ रुपये का फ्लैट खरीदने वाले वरुण सुहाग ने बिल्डर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि 36वीं मंजिल पर स्थित उनके फ्लैट से लिफ्ट बुलाने की सुविधा दो महीने तक नहीं थी। इतना ही नहीं, उन्हें घर में पर्दे लगवाने की अनुमति भी नहीं मिली। हालांकि, बिल्डर M3M ने इन आरोपों को खारिज करते हुए सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को भ्रामक बताया है।

42 वर्षीय वरुण सुहाग ने 27 अगस्त को टावर सी के 36वें फ्लोर पर स्थित अपने फ्लैट का पजेशन लिया था। उनका आरोप है कि पजेशन मिलने के बाद से ही वह बिल्डर से लिफ्ट की सुविधा शुरू करने की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया। सुहाग एविएशन का कारोबार करते हैं। उनके मुताबिक, लिफ्ट का कॉल बटन बंद कर दिया गया था, जिसकी वजह से वह अपने फ्लोर से लिफ्ट नहीं बुला पा रहे थे।

रविवार को सुहाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी परेशानी शेयर की। उन्होंने लिखा कि बिल्डर M3M और मैनेजमेंट ने उन्हें अपने ही घर में नजरबंद होने जैसी स्थिति में डाल दिया है। उन्होंने अपनी शिकायत के साथ फ्लैट की चार तस्वीरें भी शेयर कीं। उनकी पोस्ट को 22 लाख से ज्यादा बार देखा गया।

हालांकि, पोस्ट वायरल होने के बाद लिफ्ट की सुविधा शुरू कर दी गई। सुहाग ने X पर लिखा कि लोगों के समर्थन की वजह से बिल्डर ने किसी को भेजा और अब लिफ्ट चालू कर दी गई है।

M3M ने ‘हाउस अरेस्ट’ के आरोपों को किया खारिज

इस मामले में बिल्डर M3M India ने सुहाग के आरोपों को खारिज किया है। कंपनी का कहना है कि न तो फ्लैट मालिक और न ही उनके परिवार के किसी सदस्य को घर में बंद किया गया था। उन्हें बिल्डिंग के कॉमन एरिया में आने-जाने से भी नहीं रोका गया।

M3M ने अपने बयान में कहा कि सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा दावा भ्रामक है और तथ्यों को गलत तरीके से पेश करता है। कंपनी के मुताबिक, टावर में दो मुख्य लिफ्ट हैं और दोनों लगातार चालू थीं। इसके अलावा, दोनों सीढ़ियां, जिन्हें आग और आपातकालीन स्थिति के लिए बनाया गया है, हमेशा खुली थीं। किसी भी आपातकालीन या सुरक्षा सुविधा पर रोक नहीं लगाई गई थी।

बिल्डर ने बताया कि टावर में रोजाना 200 से ज्यादा कर्मचारी फ्लैट मालिकों के इंटीरियर और फिटिंग का काम करने आते हैं। ऐसे में सुरक्षा और एक्सेस कंट्रोल के लिए उन फ्लैटों में ही फ्लोर से लिफ्ट बुलाने की सुविधा शुरू की गई थी, जहां लोग रहना शुरू कर चुके थे।

कंपनी के अनुसार, सुहाग को 3 अक्टूबर 2026 को ईमेल के जरिए इस व्यवस्था की जानकारी दे दी गई थी। उन्हें बताया गया था कि जब वह फ्लैट में शिफ्ट होने के लिए तैयार होंगे, तब उनके फ्लोर पर लिफ्ट ऑपरेटिंग पैनल चालू कर दिया जाएगा। बिल्डर का कहना है कि अब उनके फ्लोर से सीधे लिफ्ट बुलाने की सुविधा शुरू कर दी गई है।

6.68 करोड़ रुपये में खरीदा था फ्लैट

सुहाग ने बताया कि उन्होंने साल 2018 में दुबई में रहते हुए टावर सी में यह फ्लैट 6.68 करोड़ रुपये में बुक किया था। वह दुबई में तीन साल तक रहे थे और साल 2025 के मध्य तक फ्लैट की पूरी पेमेंट कर चुके थे।

परिवार गुरुग्राम में शिफ्ट होना चाहता था, क्योंकि घर में एक बच्चा आने वाला था और वे अपने माता-पिता के करीब रहना चाहते थे, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी मदद मिल सके। हालांकि, सुहाग का दावा है कि प्रोजेक्ट तय समय से करीब डेढ़ साल देरी से पूरा हुआ। इस देरी को लेकर उन्होंने रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RERA) में शिकायत भी दर्ज कराई थी।

RERA Complaint
गुड़गांव में ट्रम्प टावर्स की गूगल मैप्स सैटेलाइट इमेज (Photo Source: Express)

रहने लायक नहीं था फ्लैट, खर्च करने पड़े 10 लाख रुपये

सुहाग का आरोप है कि जब उन्हें फ्लैट का पजेशन मिला, तो वह रहने के लिए तैयार नहीं था। उन्होंने बताया कि घर को रहने लायक बनाने के लिए उन्हें करीब 10 लाख रुपये खर्च करने पड़े। उनके मुताबिक, फ्लैट में फॉल्स सीलिंग तक नहीं थी।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब घर में रहने की बुनियादी सुविधाएं ही नहीं थीं, तो उसे ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (OC) कैसे मिल गया। सुहाग का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने बिल्डर के सामने इन समस्याओं को उठाया, तो उन्हें जवाब मिला कि घर लेना है तो लें, वरना छोड़ दें।

फर्नीचर की डिलीवरी रोकी, सोफे पर सोने को मजबूर हुआ परिवार

सुहाग ने बताया कि फ्लैट में शिफ्ट होने के बाद भी उनकी मुश्किलें खत्म नहीं हुईं। शुक्रवार को जब उनके फर्नीचर से भरा ट्रक सोसाइटी में पहुंचा, तो उसे अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई। इस वजह से परिवार को सोफे पर सोकर रात बितानी पड़ी। उन्होंने बताया कि बेड की डिलीवरी अगले दिन होनी थी।

इसके अलावा, सुहाग का आरोप है कि फ्लैट में पर्दे लगाने के लिए आने वाले कर्मचारियों को भी अंदर आने से रोक दिया गया। उन्होंने कहा कि घर में कांच की बड़ी-बड़ी खिड़कियां हैं। ऐसे में पर्दे नहीं होने की वजह से उनकी प्राइवेसी प्रभावित हो रही है।

वरुण ने कहा, “मेरे बेडरूम और बाथरूम को पूरी दुनिया देख सकती है। सामने वाले टावर में रहने वाले लोग मुझे नहाते हुए भी देख सकते हैं।” उन्होंने दावा किया कि उनकी बहन, जो उनके ऊपर वाले फ्लैट की मालिक हैं, उन्हें भी इसी तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें: दिवाली पर दिल्ली-NCR में कब और कितनी देर चला सकेंगे पटाखे? सुप्रीम कोर्ट ने दी मंजूरी, बताई टाइमिंग

दिवाली से पहले दिल्ली-NCR के लोगों को सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने 7 और 8 नवंबर 2026 को सर्टिफाइड ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दे दी है। हालांकि यह छूट तय समय और नियमों के तहत ही मिलेगी। 9 नवंबर से पटाखों पर एक बार फिर पूरी तरह प्रतिबंध लागू हो जाएगा। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।