जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर कार्रवाई पर फिलहाल के लिए रोक लगा दी गई है। रामपुर विकास प्राधिकरण के आदेश पर 38 भवनों को ध्वस्त किया जाना था। हालांकि मुरादाबाद मंडल आयुक्त के आदेश पर अब बुलडोजर कार्रवाई नहीं होगी। मुरादाबाद मंडल आयुक्त ने डीएम रामपुर के आदेश पर रोक लगाते हुए अगली सुनवाई तक किसी भी तरह की कार्रवाई न करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में अगले आदेश तक जौहर यूनिवर्सिटी की 38 इमारतों को नहीं गिराया जाएगा।
अब जब अगली सुनवाई होगी तब तय किया जाएगा कि रामपुर विकास प्राधिकरण का आदेश बरकरार रहेगा या फिर उसमें कोई बदलाव किया जाएगा। बता दें कि जौहर यूनिवर्सिटी का निर्माण सपा नेता आजम खान ने करवाया था। आजम खान की पत्नी डॉक्टर तंजीम फातिमा सोमवार को उनसे मुलाकात के लिए जेल पहुंची थीं। करीब 1 घंटे तक आजम खान से तंजीम फातिमा ने मुलाकात की।
रामपुर आएंगे अखिलेश यादव
यूनिवर्सिटी पर कार्रवाई के विरोध में रामपुर में कई छात्र धरने पर बैठे हैं। आजम खान की पत्नी ने पत्रकारों को बताया कि सपा मुखिया अखिलेश यादव जल्द ही रामपुर आएंगे और छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखेंगे।
बिना स्वीकृत नक्शे के बनाए गए थे 38 भवन
बता दें कि रामपुर प्राधिकरण ने जांच की थी और दावा किया था कि जौहर यूनिवर्सिटी के 40 में से 38 भवन बिना स्वीकृत नक्शे के बनाए गए हैं। इसी आधार पर विकास प्राधिकरण ने यूनिवर्सिटी की 38 इमारतों को गिराने का निर्देश दिया था। इसके लिए 15 दिनों का टाइम दिया गया था। निर्देश में कहा गया था कि अगर 15 दिन के अंदर यूनिवर्सिटी प्रशासन खुद से 38 इमारतों को नहीं गिराता है तो जिला प्रशासन खुद गिराएगा। हालांकि अब उससे पहले ही मुरादाबाद मंडल कमिश्नर ने कार्रवाई पर रोक लगा दी है।
आजम खान की पत्नी ने कहा है कि अगर फैसला उनके पक्ष में नहीं आता है तो हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के रास्ते भी खुले हैं। उन्होंने कहा कि मैं आजम खान जी का हाल-चाल जानने गई थी कि सब ठीक है या नहीं? आजम खान की पत्नी ने कहा कि पूरा देश यूनिवर्सिटी के समर्थन में खड़ा है, जो भी यूनिवर्सिटी का विरोध करेगा, उसे मुंह की खानी पड़ेगी।
यह भी पढ़ें: ‘नाम से दिक्कत है तो नाम बदल दो’, जौहर यूनिवर्सिटी में कैंपस को गिराए जाने का खतरा मंडरा रहा
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने लगभग दो दशक पहले अपने गृह जिले रामपुर में, जिस यूनिवर्सिटी की नींव रखवाई थी, उसे तोड़ने की तैयारी चल रही है। पढ़िए पूरी खबर…
