बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद स्पष्ट कर दिया है कि वह राज्यसभा जाएंगे। उन्होंने X पर एक पोस्ट कर कहा कि वह राज्यसभा का सदस्य बनना चाहते हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में जो भी नई सरकार बनेगी, उसका उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन रहेगा।
पढ़िए नीतीश कुमार का X पोस्ट
पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।
संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ।
मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।
यह एक बहुत बड़ा पॉलिटिकल अपहरण – मृत्युंजय तिवारी
बिहार के ताजा सियासी घटनाक्रम पर राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि बीजेपी नीतीश कुमार को चुनाव के बाद इतनी जल्दी हटा देगी। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव लगातार कह रहे थे कि बीजेपी जदयू को खत्म कर देगी और नीतीश कुमार को सीएम पद से हटा देगी।
मृत्युंजय तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि जदयू के बहुत सारे लोग बीजेपी से मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह एक बहुत बड़ा पॉलिटिकल अपहरण है। बीजेपी का अपने साथियों के साथ रवैया धीरे-धीरे साफ हो रहा है।
कांग्रेस बोली- बिहार में तख्तापलट किया गया
बिहार के सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के ऐलान के बाद कांग्रेस पार्टी के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि बिहार चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस जो बात बार-बार कह रही थी, वह अब सच साबित हो गई है। साजिश के तहत बिहार में तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जा कर लिया गया है।
बिहार की राजनीति के इस नए घटनाक्रम से जुड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए क्लिक करें।
