बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार रविवार को जनता दल (यूनाइटेड) में शामिल हो गए। जेडीयू नेताओं और कार्यकर्ताओं के एक बड़े वर्ग के बीच इस बात की चर्चा है कि वह नीतीश के उत्तराधिकारी और अपने पिता की राजनीतिक विरासत के वारिस होंगे। वहीं, नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद से ही चर्चा शुरू हो गयी थी कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। इस सबके बीच एनडीए के भीतर से ही नई राजनीतिक मांग सामने आई है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं की ओर से चिराग पासवान को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठाई गई है। इसे लेकर पटना में बीजेपी कार्यालय के बाहर चिराग पासवान के समर्थन में पोस्टर भी लगाए गए हैं जिससे राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। पोस्टर में लिखा है, “ना दंगा ना फसाद हो, बिहार का CM सिर्फ चिराग हो।” पोस्टर में चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने की खुलकर अपील की गई है। इसमें लिखा गया है, “सजाओ इनके सर पर ताज, तभी आएगा बिहार में स्वर्ण काल।” इसके जरिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि चिराग के नेतृत्व में बिहार में नई शुरुआत हो सकती है।
पोस्टर में प्रधानमंत्री मोदी का भी जिक्र
पोस्टर में आगे लिखा गया है, ‘मोदी जी का मिला अपने हनुमान को आशीर्वाद, चिराग होंगे बिहार के नए सरताज।’ पोस्टर में यह भी लिखा गया है कि ‘बिहार मांगे चिराग, वक्त अब आ गया है युवा मुख्यमंत्री बनाने का।’ बताया जा रहा है कि ये पोस्टर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पटना जिला अध्यक्ष इमाम गजाली की ओर से लगवाए गए हैं।
अरुण भारती ने भी की थी चिराग को सीएम बनाने की मांग
इससे पहले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने भी चिराग पासवान को मुख्यमंत्री के रूप में देखने की इच्छा जताई थी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा था कि वह चिराग पासवान में भविष्य देखते हैं। क्या चिराग मुख्यमंत्री हो सकते हैं? इस सवाल के जवाब में अरुण भारती ने कहा था, “मैं कहना चाहूंगा कि ये बातें गठबंधन के अंदर गठबंधन के बड़े नेता मिलकर तय करेंगे। उसके बाद ही फैसला किया जाएगा। मेरा निजी विचार है कि मैं अपने नेता चिराग पासवान को बिहार के बड़े नेता के रूप में देखना चाहता हूं। उनको बिहार के मुखिया के रूप में देखना चाहता हूं।” हालांकि अरुण भारती ने इसे अपनी निजी राय बताया। ऐसे में सवाल यह है कि क्या बीजेपी चिराग को सीएम बनाने की बात मानेगी?
बिहार में नीतीश के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए जिन नामों की चर्चा सबसे ज्यादा है उनमें पांच नाम प्रमुख हैं- डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, उद्योग मंत्री दिलीप जयसवाल, नीतीश के बेटे निशांत कुमार और राज्य मंत्री विजय कुमार चौधरी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
