बिहार के ताजा सियासी घटनाक्रम पर राजद के नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि यह पहले ही तय था कि बीजेपी ज्यादा दिन नीतीश कुमार को सीएम नहीं रहने देगी। बीजेपी जल्द ही जदयू पार्टी को खत्म कर देगी।

तेजस्वी यादव ने पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बिहार चुनाव में हमने कहा था कि ‘नीतीश जी को तो घोड़ी पर चढ़ाया है दूल्हा बना करके लेकिन फेरा किसी और के साथ दिला रहा है’। उन्होंने कहा कि यह सच्चाई है कि बीजेपी किसी भी ओबीसी या दलित-पिछड़े को टिकने नहीं देती।

‘पहले से पता था नीतीश कुमार को बीजेपी सीएम नहीं रहने देगी’

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार चुनाव में जिस हिसाब से एनडीए की जीत धनतंत्र और मशीन तंत्र की जीत है। एनडीए का एक-एक घटक दल जानता है कि  चुनाव में उनकी जीत कैसे हुई। उन्होंने कहा कि हम शुरुआत से ही इस बात को कहते रहे हैं कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार को भाजपा के लोग मुख्यमंत्री पद पर नहीं रहने देंगे।

उन्होंने कहा, “हमने उस समय भी कहा था कि ये महाराष्ट्र मॉडल रिफाइन तरीके से बिहार में लागू करेंगे। आज वह बात सच हो गई है। जन-आकांक्षाएं इस सत्ता परिवर्तन के खिलाफ हैं। जो भी जन भावना लोगों की है इस सत्ता परिवर्तन के खिलाफ है।”

राजद नेता ने कहा कि नीतीश कुमार ने जब 28 जनवरी 2024 को राजद को दोबारा छोड़ा, उस समय उनके पास कोई वाजिब वजह नहीं थी कि  क्यों छोड़ा था। उस समय भी राजद ने यह कहा था कि बीजेपी जनता दल यूनाइटेड पार्टी को खत्म कर देगी। अब जनता दल यूनाइटेड पार्टी बचेगी नहीं।हमारी पूरी सहानुभूति नीतीश कुमार के साथ है।

नीतीश युग का अंत कभी हो नहीं सकता – केसी त्यागी

केसी त्यागी ने कहा कि नीतीश युग का अंत कभी हो नहीं सकता, उन्होंने नया बिहार बनाया है। जैसे कर्पूरी ठाकुर और चरण सिंह जिंदा हैं, ऐसे ही युग-युग तक नीतीश कुमार भी याद किए जाएंगे। उनके राज्यसभा पहुंचने के बाद सदन की गरिमा बढ़ेगी और बहस का स्तर ऊंचा होगा। उन्हें अपने अच्छे बौद्धिक ज्ञान के कारण सर्वश्रेष्ठ सांसद का अवार्ड भी मिल चुका है।

यह भी पढ़ें: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा से भावुक हुए कार्यकर्ता

बुधवार रात से ही पटना में मुख्यमंत्री आवास और जदयू कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इकट्ठा होने लगे। कोई हाथ जोड़कर अपने नेता से बिहार न छोड़ने की अपील कर रहा था, तो कोई रोते हुए गुहार लगा रहा था कि वे राज्यसभा न जाएं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें