उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू में स्थित एक गुरुद्वारे में कुछ निहंग सिखों ने जमकर हंगामा किया है। निहंग सिखों ने गुरुद्वारे के प्रबंधक को बंधक बना लिया और गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए। निहंगों का इससे जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ है।

पुलिस, पीएसी और आईटीबीपी की भारी तैनाती है जबकि निहंग सिखों ने गुरुद्वारे के अंदर डेरा डाला हुआ है। चमोली और रुद्रप्रयाग के संवेदनशील इलाकों में 27 जून तक धारा 163 लागू है। इंटरनेट सेवाएं अगले आदेश तक निलंबित कर दी गई हैं।

मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और निहंग सिखों से बात कर उन्हें नीचे आने के लिए मनाने के प्रयास जारी हैं। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर मौके पर मौजूद हैं।

कहां से शुरू हुआ विवाद?

श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे में 16 जून को मत्था टेककर वापस आ रहे कुछ निहंग सिखों का कर्णप्रयाग के बाजार में कृष्णा पैलेस होटल के पास वाहन खड़ा करने को लेकर स्थानीय लोगों से विवाद हो गया था। इसके बाद निहंग सिखों ने तलवार से हमला कर चार लोगों को घायल कर दिया था।

पुलिस के मुताबिक, झड़प में एक सिख श्रद्धालु भी चोटिल हुआ था और घटना के संबंध में पंजाब के मोहाली जिले के रहने वाले चार सिख श्रद्धालुओं को गिरफ्तार किया गया था। इसके विरोध में पंजाब से आए कुछ निहंग सिखों ने रविवार को प्रस्तावित धरना प्रदर्शन में शामिल होने के लिए नगरासू गुरुद्वारे के प्रबंधकों से सहयोग की अपील की थी।

अपेक्षा के अनुरूप सहयोग न मिलने पर निहंगों ने शनिवार शाम को नगरासू गुरुद्वारे में हंगामा शुरू कर दिया और तोड़फोड़ के बाद प्रबंधक को लेकर गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे।

क्या है निहंग सिखों की तीन मांग?

निहंग सिखों की पहली मांग है कि कर्णप्रयाग की घटना के लिए स्थानीय लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे एकतरफा बताया है। निहंग सिखों की दूसरी मांग है कि उनके साथियों को रिहा किया जाना चाहिए। चमोली पुलिस द्वारा इस मामले में निहंग सिखों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की मांग भी निहंग सिखों ने उठाई है।

यह भी पढ़ें- क्या यूपी-उत्तराखंड समेत चार राज्यों में जल्दी होंगे चुनाव?

पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और गोवा में विधानसभा चुनाव समय से पहले हो सकते हैं। यह संकेत इस बात से मिला है कि बीजेपी ने इन राज्यों में अपनी प्रदेश इकाइयों को निर्देश दिया है कि वे चुनावी तैयारियों में तेजी लाएं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।