राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने गुरुवार को भांगड़ के दक्षिण बामुनिया इलाके में टीएमसी के पूर्व विधायक शौकत मोल्ला के घर की तलाश ली है। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले दक्षिण बामुनिया इलाके में बम धमाका हुआ था। धमाके में एक शख्स की जान चली गई थी।
इस बम धमाके की जांच एनआईए से कराने की मांग की गई थी। एनआईए ने बीते दिनों इस मामले में टीएमसी के नेता वाहिदुल इस्लाम सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया था।
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवानों के साथ एनआईए की टीम सुबह मोल्ला के आवास पर पहुंची और व्यापक तलाशी ली।
बेटे इमरान मोल्ला रहे जांच टीम के साथ
सूत्रों के अनुसार, करीब 10 वाहनों में पहुंची एनआईए की टीम ने बामुनिया गांव के कई घरों का भी दौरा किया। एक अधिकारी के अनुसार, जब जांच दल पहुंचा, तब मोल्ला घर पर मौजूद नहीं थे। उनके बेटे इमरान मोल्ला तलाशी के दौरान एनआईए की टीम के साथ रहे।
भांगड़ के बामुनिया गांव में हुए बम विस्फोट के बाद इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) ने मामले में एनआईए जांच की मांग की थी। दक्षिण 24 परगना के दक्षिण बामुनिया गांव में 19 मार्च को हुए देसी बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
आरोप है कि घटना के समय वहां बम बनाए जा रहे थे। एजेंसी ने शौकत मोल्ला के दफ्तर की भी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ही मोल्ला की पत्नी और बेटी घर पर पहुंच गए।
अफसर विस्फोट मामले से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं और जरूरी जानकारी जुटा रहे हैं। इस दौरान इलाके में और मोल्ला के घर के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई। टीएमसी नेता वाहिदुल इस्लाम के घर की भी तलाशी ली गई, साथ ही उन लोगों के घर भी टीम गई, जो विस्फोट के बाद घायलों को अस्पताल ले गए थे। मोल्ला ने 2016 तथा 2021 में चुनाव जीता था। हाल में पश्चिम बंगाल सरकार ने उनकी सुरक्षा वापस ले ली थी।
टीएमसी में टूट से बढ़ीं ममता बनर्जी की मुश्किलें
पश्चिम बंगाल विधानसभा में बीजेपी के पास दो तिहाई बहुमत है और उसका पूरा दबदबा है। बीजेपी 80 सदस्यों वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) में फूट पर करीब से नजर रख रही है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
