Rajasthan News: राजस्थान के जयपुर ग्रामीण से दो दिन पहले एक खबर सामने आई थी, जिसमें RSS के एक प्रचारक पर पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों द्वारा हमले की बात कही गई थी। अब इस मामले का संज्ञान एनएचआरसी यानी मानवाधिकार आयोग ने लिया है। आरोप हैं कि RSS प्रचारक के कपड़े उतरवाकर उन्हें पुलिस कर्मियों ने प्रताड़ित किया।
दूसरी ओर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस घटना को लेकर कुछ पुलिसवालों के अव्यवस्थित व्यवहार पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। NHRC ने मुख्य सचिव और डीजीपी को नोटिस जारी करते हुए कहा, “यदि आरोप सिद्ध होते हैं, तो ये पुलिस हिरासत में हिंसा का एक अत्यंत गंभीर मामला है।”
पुलिस हिरासत में गंभीर प्रताड़ना
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने कहा कि यह मामला पुलिस हिरासत में RSS प्रचारक को शारीरिक यातना, जबरन कपड़े उतरवाना, अपमान और पुलिस नियंत्रण में किसी व्यक्ति को जानबूझकर चोट पहुंचाना शामिल है।
NHRC ने कहा कि ऐसा व्यवहार संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत प्रदत्त जीवन के अधिकार, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और मानवीय गरिमा का गंभीर उल्लंघन करता है। इसके साथ ही इस विषय में जो कानून लागू हैं, उनके तहत एक आपराधिक मामला भी बन जाता है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह मामला रविवार का है, जब RSS प्रचारक कृष्ण अवतार ने आरोप लगाया था कि पुलिस हिरासत में उनके कपड़े उतार दिए गए, उनके गुप्तांगों पर हमला किया गया और उनके साथ शारीरिक दुर्व्यवहार किया गया। FIR के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने अवतार के परिवार और आरएसएस से उनके जुड़ाव के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां भी कीं और उनसे कहा कि संघ ने देश को बर्बाद कर दिया है।
NHRC ने कहा, “कई पुलिस अधिकारियों की कथित संलिप्तता, हमले की प्रकृति और गंभीरता, बेहोशी की घटना और उसके बाद अस्पताल में भर्ती होने से पुलिस के अधिकार के दुरुपयोग, हिरासत सुरक्षा उपायों के उल्लंघन और संस्थागत जवाबदेही के संबंध में गंभीर चिंताएं पैदा होती हैं।”
DGP और मुख्य सचिव से क्या-क्या मांगी रिपोर्ट
इस मामले में मुख्य सचिव और डीजीपी को दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। डीजीपी को गिरफ्तारी की परिस्थितियों और वैधता, एफआईआर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के संरक्षण, पीड़ित और गवाहों की सुरक्षा के उपायों आदि का विवरण प्रदान करने को कहा गया है।
वहीं, मुख्य सचिव को अवतार के लिए तत्काल चिकित्सा उपचार, सुरक्षा और उचित राहत सुनिश्चित करने के साथ-साथ “कथित हिरासत में यातना की स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच” कराने और घटना के लिए प्रशासनिक जिम्मेदारी तय करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कही जीरो-टॉलरेंस की बात
इस बीच जयपुर के अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य में कानून व्यवस्था की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की है। उन्होंने हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं और कुछ पुलिस कर्मियों की लापरवाही और अनुशासनहीन व्यवहार पर जीरो टॉलरेंस के तहत कार्रवाई की बात कही।
निलंबित हो चुके हैं आरोपी पुलिसवाले
जानकारी के मुताबिक, इस मामले में जयपुर ग्रामीण के नरेना पुलिस स्टेशन के कुछ पुलिसवालों को पहले ही निलंबित किया जा चुका था, वहीं मुख्यमंत्री ने मंगलवार को पुलिसकर्मियों की लापरवाही और अव्यवस्थित व्यवहार से जुड़े सभी हालिया मामलों में पुलिस कर्मियों को तत्काल हटाने और नियमों के अनुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया, जिसके परिणामस्वरूप एक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया, जबकि छह को पोस्टिंग ऑर्डर (एपीओ) की प्रतीक्षा में रखा गया है और दो अन्य को हटा दिया गया है।
सोमवार को BJP के पूर्व विधायक की भी हुई थी हत्या
बता दें कि मुख्यमंत्री के आदेश पर जो कार्रवाई हुई है, उसमें भरतपुर के पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं, जहां पर पूर्व बीजेपी विधायक अत्तर सिंह भड़ाना की कथित खनन पट्टे को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने हत्या कर दी थी। इसके अलावा सांभर सर्कल अधिकारी मुकेश जोशी को APO में रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान हमेशा से शांतिप्रिय राज्य रहा है। पिछली सरकार के दौरान इस छवि को नुकसान पहुंचा था, लेकिन हमारी सरकार के तहत यह छवि वापस लौट आई है, इसलिए हर हाल में अपराधों के प्रति शून्य सहिष्णुता आवश्यक है। बता दें कि बीजेपी नेता भड़ाना की मृत्यु के बाद सीएम ने कहा कि खनन और भूमि संबंधी विवादों की एक विस्तृत जिला-वार सूची तैयार की जानी चाहिए, जिसके बाद उन्हें हल करने के लिए एक कार्य योजना बनाई जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: अमित शाह के लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर में बीजेपी का शानदार प्रदर्शन, कांग्रेस दूसरे नंबर पर, AAP का नहीं खुला खाता
गुजरात में बीजेपी ने मंगलवार को गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी) चुनाव में 44 में से 38 वार्डों में जीत दर्ज की है। बीजेपी ने थारा और ओखा नगरपालिकाओं में भी अपनी सत्ता बरकरार रखी है। राज्य चुनाव आयोग ने मंगलवार को नतीजों का ऐलान किया। पढ़िए पूरी खबर…
