विनय कुमार सक्सेना को दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। अनिल बैजल के इस्तीफे के बाद अब वे ये जिम्मेदारी संभालेंगे। वह पदभार ग्रहण करने की तारीख से दिल्ली के उपराज्यपाल होंगे। बता दें कि अनिल बैजल ने पिछले हफ्ते निजी कारणों का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था।
विनय कुमार सक्सेना इससे पहले खादी ग्रामोद्योग आयोग के चेयरमैन के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्होंने 27 अक्टूबर, 2015 को अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया था।
इस संबंध में राष्ट्रपति कार्यालय की तरफ से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। इस विज्ञप्ति में कहा गया, “विनय कुमार सक्सेना पदभार ग्रहण करने की तारीख से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के उपराज्यपाल होंगे। भारत के राष्ट्रपति को उन्हें इस पद पर नियुक्त करने में प्रसन्नता हो रही है।”
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी विनय कुमार सक्सेना को नए उपराज्यपाल के रूप में नियुक्त होने पर बधाई देते हुए एक ट्वीट किया है। उन्होंने कहा, “दिल्ली की जनता की ओर से मैं दिल्ली के नए उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना का हार्दिक स्वागत करता हूं। दिल्ली की बेहतरी के लिए उन्हें दिल्ली सरकार की कैबिनेट से पूरा सहयोग मिलेगा।” वहीं, उन्होंने अनिल बैजल को लेकर भी ट्वीट किया है।
उन्होंने कहा, “दिल्ली के उपराज्यपाल रहे अनिल बैजल जी के साथ मिलकर दिल्ली में कई काम किए और कई समस्याओं को ठीक करने की कोशिश की। वे एक बेहद अच्छे इंसान हैं। भविष्य के लिए मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं और उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना करता हूं। “
अनिल बैजल ने पिछले हफ्ते निजी कारणों के चलते पद से इस्तीफा दे दिया था। वे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ मतभेदों को लेकर भी काफी सुर्खियों में भी रहे थे। उनसे पहले नजीब जंग दिल्ली के उपराज्यपाल थे, जिन्होंने अचानक इस्तीफ दे दिया था। इसके बाद, अनिल बैजल ने साल 2016 में पदभार संभाला था। हालांकि, बैजल का कार्यकाल पिछले साल दिसंबर में ही पूरा हो गया था, लेकिन उन्हें एक साल का सेवा विस्तार दिया गया था।