जबलपुर जा रहे स्पाइस जेट के विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की गई है। उड़ान भरने के बाद विमान के केबिन से धुआं उठता देख पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग करा दी। घटना के बाद सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। विमान में कुल 230 यात्री सवार थे।
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार दिल्ली से जबलपुर जाने वाले एक स्पाइसजेट विमान में आज सुबह उड़ान के दौरान केबिन में धुआं देखा गया। उसके बाद विमान की दिल्ली हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि विमान से सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है। घटना में किसी यात्री के जख्मी या बीमार होने की खबर नहीं है।
केबिन में जब धुआं देखा गया तब फ्लाईट 5 हजार फीट की ऊंचाई पर थी। केबिन में चारों तरफ अचानक से धुआं फैलने लगा। घटना का एक वीडियो एएनआई ने शेयर किया है। इसमें धुएं से बचने के लिए यात्री अपने आप से हवा करते दिख रहे हैं। विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा गया और अब उन्हें दूसरी फ्लाइट से जबलपुर भेजा जाएगा।
#WATCH | A SpiceJet aircraft operating from Delhi to Jabalpur returned safely to the Delhi airport today morning after the crew noticed smoke in the cabin while passing 5000ft; passengers safely disembarked: SpiceJet Spokesperson pic.twitter.com/R1LwAVO4Mk
— ANI (@ANI) July 2, 2022
उधर, अभी तक ये पता नहीं लग सका है कि धुआं निकलने की क्या वजह थी। विमानन कंपनी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तकनीकी स्टाफ विमान के इंजन के साथ बाकी हिस्सों को भी चेक कर रहा है। हालांकि, कंपनी ने इस बात पर चुप्पी साध ली कि फ्लाईट टेकऑफ करने से पहले क्या जरूरी जांच नहीं की गई थी। कंपनी का कहना है कि सारे पहलुओं को देखा जा रहा है।
https://www.youtube.com/shorts/UhRgI4WKAKE
दो हफ्तों के दौरान ये दूसरी घटना है जब स्पाइसजेट के विमान में आग लगने की घटना हुई है। 19 जून को पटना से दिल्ली की फ्लाईट में भी ऐसी ही एक घटना हुई थी। तब इंजन में आग लग गई थी। उसके बाद तुरंत विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई थी। विमानन कंपनी का कहना था कि पक्षी के टकराने से इंजन में आग लगी थी। विमान के इंजन से धुआं उठने पर आनन-फानन में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।