बिहार की राजधानी पटना में शंभू हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा के साथ कथित तौर पर रेप की घटना हुई थी। इलाज के दौरान पीड़िता की अस्पताल में मौत हो गई। अब इस मामले में बिहार सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी है। इस मामले में विपक्ष द्वारा लगातार सरकार पर दबाव बनाया जा रहा था, पीड़िता के परिवार ने भी सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। अब इसी कड़ी में बिहार सरकार बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर रही है।

सम्राट चौधरी ने क्या जानकारी दी?

राज्य के उपमुख्यमंत्री सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद इस बात की जानकारी दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर सम्राट चौधरी ने लिखा है बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री @NitishKumar जी ने भारत सरकार से पटना में हुए NEET छात्रा की हत्या के मामले (कांड संख्या- 14/26) को CBI से जांच का आग्रह किया है। घटना का पारदर्शी और न्यायपूर्ण तरीके से उद्भेदन सुनिश्चित किया जाए।

पूरा मामला क्या है?

जानकारी के लिए बता दें कि 5 जनवरी को पटना के एक गर्ल्स हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा को अचेत अवस्था में पाया गया। उसे तत्काल प्रभात मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया। 6 से 8 जनवरी तक इलाज चला। हालत बिगड़ने पर 9 जनवरी को उसे मेदांता शिफ्ट किया गया और 11 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने क्या कहा?

वैसे इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस जांच पर भी सवाल उठाए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, छात्रा के साथ जबरदस्ती की गई, गर्दन और कंधे के आसपास नाखूनों के गहरे निशान मिले, छाती और कंधे के नीचे खरोंच पाई गई, प्राइवेट पार्ट में ताज़ा चोट दिखी और फोर्सफुल पेनिट्रेशन की पुष्टि हुई। इससे भी अहम बात यह थी कि पीड़िता बेहोश नहीं थी और उसने खुद को बचाने की कोशिश की थी।

ये भी पढ़ें- बिहार में सत्ता बदलती है, सच दबाने का सिलसिला आज भी जारी