बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव की बेटी और राजद सांसद मीसा भारती ने केंद्र की एनडीए सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एनडीए के पास केवल एक ही मुद्दा है और वह है लालू प्रसाद यादव और उनका परिवार।
मीसा भारती ने कहा कि जबकि मैंने बार-बार यही कहा कि मुद्दा बिहार के विकास का होना चाहिए था, जो बेरोजगार हैं उनके रोजगार का और बिहार में जो पलायन एक बहुत बड़ी समस्या है उसकी रोकथाम होनी चाहिए थी। लॉ एंड ऑर्डर बेहतर करना चाहिए था, लेकिन इस सब मुद्दों पर सरकार का ध्यान न होकर लालू परिवार पर है।
वहीं, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर मीसा भारती ने कहा कि राजद के लिए प्रशांत किशोर कोई चुनौती नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर को सभी लोग जानते हैं। मीसा ने कहा कि प्रशांत किशोर भाजपा की B टीम के तौर पर यहां आए हैं और हम लोग उसी नजरिए से उनको देखते हैं।
बांकीपुर से राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता को लेकर मीसा भारती ने कहा कि जब बिहार विधानसभा चुनाव था, तो वह हमारी प्रत्याशी थीं और उन्होंने अच्छा चुनाव लड़ा। उन्होंने कहा कि एक बार फिर से राष्ट्रीय जनता दल ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है, क्योंकि चुनाव हारने के बाद भी वह लगातार क्षेत्र में जनता के बीच बनी रहीं और मुझे लगता है कि इस बार जनता उन्हें अपना पूरा समर्थन देगी।
एनडीए सरकार पर हमलावर होती हुईं मीसा भारती ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने बिहार की जनता के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिहार को अभी तक कोई फैक्ट्री नहीं दी, जिससे राज्य का पलायन रुकता। उन्होंने महंगाई, पलायन, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा यह बड़े मुद्दे हैं, लेकिन इन पर कोई बात नहीं हो रही है।
30 जुलाई को होने वाला यह उपचुनाव इसलिए कराया जा रहा है क्योंकि बांकीपुर से बीजेपी विधायक नितिन नवीन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए और बाद में उन्हें राज्यसभा के लिए नामित कर दिया गया।
1995 से इस सीट पर लगातार बीजेपी का कब्जा है। 2005 के विधानसभा चुनाव तक इस सीट का नाम पटना वेस्ट था। इससे पहले 1977 में जनता पार्टी के ठाकुर प्रसाद यहां से विधायक चुने गए थे।
प्रशांत किशोर के सामने बीजेपी ने किस पर खेला दांव? जानिए कौन हैं अभिषेक कुमार
बिहार के हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाया। इसके साथ ही इस सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। अभिषेक कुमार का सामना जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता से होगा। पढ़ें पूरी खबर।
