राजधानी के आस्था कुंज पार्क में 21 सितंबर को एक नाबालिग के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना के बाद दिल्ली के सार्वजनिक पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर दो एकड़ या इससे अधिक क्षेत्रफल में फैले पार्कों की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए व्यापक योजना पर काम किया जा रहा है।
इसके तहत दिल्ली सरकार, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली पुलिस और अन्य भूमि स्वामित्व वाली एजंसियां मिलकर सुरक्षा इंतजाम करेंगी। योजना में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) और राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कैडेटों को भी शामिल करने की तैयारी है। दिल्ली में एनसीसी कैडेट्स की संख्या करीब पचास हजार है।
रिहायशी इलाकों से बाहर वाले पार्कों की भी होगी सुरक्षा
दिल्ली सरकार के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, हाल ही में केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में सार्वजनिक पार्कों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें दो एकड़ या उससे अधिक क्षेत्रफल वाले ऐसे पार्कों को भी सुरक्षा योजना में शामिल करने पर जोर दिया गया, जो रिहायशी इलाकों या उनकी परिसीमा से बाहर स्थित हैं।
योजना के तहत पार्कों के प्रत्येक प्रवेश और निकास द्वार पर शिफ्ट के अनुसार 24 घंटे, सातों दिन दो सुरक्षा प्रहरियों की तैनाती का प्रस्ताव है। प्रत्येक प्रहरी को अपनी ड्यूटी के दौरान संबंधित पार्क में हर घंटे गश्त भी करनी होगी। दिल्ली रिज के अंतर्गत आने वाले ऐसे पार्कों में भी इसी तरह के सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।
पार्कों के प्रवेश या निकास द्वारों की संख्या को भी जरूरत के मुताबिक युक्ति संगत बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की ओर से एक मोबाइल एप या पोर्टल डिजाइन किया जाएगा। इसके जरिए इन कैडेट को पार्क प्रहरी के तौर पर पंजीकृत किया जाएगा। इनको निर्धारित पारितोषिक भी दिया जाएगा। इस तय पारितोषिक के आधार पर ही इनका एप या पोर्टल पर पंजीकृत किया जाएगा।
जहां तक सभी पार्कों में चहारदीवारी या बाड़ का निर्माण करने के अलावा मरम्मत आदि का काम किया जाना है तो इसको संबंधित भूमि स्वामित्व एजंसियों को दिसंबर तक पूरा करना होगा।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, जिला पुलिस अपने अधीनस्थ क्षेत्रों में आने वाले सभी पार्कों का सुरक्षा अंकेक्षण करने का काम कर रही है। कई जिलों में सुरक्षा अंकेक्षण का काम पूरा कर लिया गया है और रिपोर्ट संबंधित संयुक्त पुलिस आयुक्त को भी सौंपी जा चुकी हैं।
दिल्ली पुलिस की ओर से यह रिपोर्ट जिले अंतर्गत संबंधित थाने के क्षेत्रों के पार्कों की वर्तमान स्थिति के आधार पर तैयार की जा रही है। अधिकारी का कहना है कि छोटे पार्कों में भी अलग अलग तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं, इसलिए इनको सुरक्षा अंकेक्षण में अहम माना गया है।
रोशनी बढ़ेगी, सीसीटीवी कैमरों की भी होगी समीक्षा
इन सभी पार्कों में इंडियन रोडस कांग्रेस (आइआरसी) या भारतीय मानक ब्यूरो (बीआइएस) के मानकों के अनुरूप प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। पार्कों में सीसीटीवी कैमरों की वर्तमान स्थिति के अलावा अतिरिक्त कैमरे लगाने का जरूरतों का अध्ययन किया जाएगा। इसके अध्ययन का काम सी-डेक या भास्करचार्य राष्ट्रीय अंतरिक्ष अनुप्रयोग एवं भू-सूचना विज्ञान संस्थान (बीआइएसएजी-एन) आदि एजंसी को सौंपा जाएगा। सीसीटीवी कैमरे लगाने से जुड़े मामले का अध्ययन करने का काम नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
