पंजाब कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद पूर्व विधायक और नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने लोकसभा के विपक्ष नेता राहुल गांधी को आईना दिखाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को जमीनी हकीकत के बारे में कुछ नहीं पता, वे अपने ख्याली दुनिया में जीते रहते हैं।

नवजोत कौर सिद्धू ने हाल ही में अपना इस्तीफा दिया था, जिसके बाद शुक्रवार को कांग्रेस ने नवजोत कौर को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इस घटना की पुष्टि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने अमृतसर में मीडिया के सामने की।

राहुल गांधी को बताया ‘पप्पू’

इसके थोड़ी देर बाद नवजोत कौर सिद्धू ने एक्स पर एक पोस्ट लिखा, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा और उन पर आरोप लगाया कि उन्हें जमीनी स्तर के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

नवजोत कौर ने अपने पोस्ट में लिखा,” पप्पू ने आखिरकार अपने नाम पर ठप्पा लगा दिया है। यह एक ऐसे नेता है जो सोचते हैं कि वह अकेले ईमानदार और जानकार इंसान है, जिसे जमीनी हकीकत का बिल्कुल भी पता नहीं है। उनके साथ काम करने वाले लोग उन्हें जमीनी हकीकत से दूर रखने में कामयाब हो जाते हैं और राहुल के कोई फैसला लेने से पहले ही टिकट बेच कर ऐशो आराम की जिंदगी जीते हैं। राहुल गांधी किसी भी इमरजेंसी कॉल पर रिएक्ट करने में छह माह से अधिक समय लगा देते हैं, तब तक बड़ा नुकसान हो चुका होता है।”

‘अपने तथाकथित समर्थकों से पूछो’

आगे लिखा, “लोगों को अपने साथ जुड़ने के लिए कहने से पहले, उसे अपने तथाकथित समर्थकों से पूछना चाहिए कि क्या वे ईमानदार रहने के लिए तैयार हैं? क्या वे ईमानदार रहकर पंजाब के लिए काम करने को तैयार हैं? आपके अधिकतर फॉलोवर्स निस्वार्थ सेवा के लिए तैयार नहीं हैं, बल्कि वे अपनी जेबें भरने में बिजी हैं क्योंकि वे जानते हैं वे वापस नहीं आने वाले हैं। अगर आप (राहुल गांधी) में हिम्मत है तो उनसे मौजूदा सरकार के खिलाफ बोलने के लिए कहें और फिर तैयार हो जाएं अपनी फाइल खुलवाने के लिए। सच बोलना और उसका सामना करना सीखो, जो है, था और हमेशा रहेगा, एस अच्छे दोस्त को सलाह है कि ज्यादा ध्यान देने वाले, समझदार, अपनाने वाले और प्रैक्टिकल बनो।”

‘जमीनी हकीकत सुनने के लिए न समय है और न ही कान’

आगे एक अन्य पोस्ट में लिखा, “भाजपा ने मेरे टैलेंट को पहचाना और अपने सर्वे के जरिए, जो किसी चीज को प्रभावित नहीं थे, मुझे 2012 में विधायक का टिकट दिया गया, जब मैं हॉस्पिटल में काम कर रही थी और मेरे डॉक्टर होने की वजह से मुझे स्वास्थ्य विभाग का सीपीए बनाया। मुझे सच बोलने और ईमानदारी और सच्चाई से काम करने की आजादी और मौका दिया। मैं किसी भी डिपार्टमेंट में जाकर अपना काम करवा सकती थी और उसी दिन वापस आ जाती थी।”

आगे लिखा, राहुल जी, “आपके पास जमीनी हकीकत सुनने के लिए न समय है और न ही कान क्योंकि आप अपनी ही बनाई हुई दुनिया में रहना पसंद करते हैं। आपको लगता है कि मेरे जैसे लोगों के पास आपके लिए फालतू टाइम है? बिल्कुल भी नहीं.. मेरा समय पंजाब के जनता के लिए है और मैं उनके लिए बिना राजनीति के भी काम कर सकती हूं। आपके अधिकतर तथाकथित फॉलोवर्स आपका साथ छोड़ बीजेपी के साथ जा चुके हैं, मैं न ही किसी से आज तक मिली और न ही किसी को जानती हूं। मैं एक फाउंडेशन के जरिए भी जनता के लिए काम कर सकती हूं।”

आगे कहा, “ईमानदार और मेहनत करने वाले लोगों की इज्जत करना सीखिए, वरना आप राजनीति में अपना वजूद खो देंगे। ईमानदारी और सच्चाई की बात करने का कोई मतलब नहीं है, जब आपकी पार्टी में अधिकतर भ्रष्ट नेताओं को सम्मान दिया जाता है।” आगे पढ़िए ‘मैं देश के दुश्मन के साथ हाथ नहीं मिलाऊंगा’, राहुल गांधी के ‘गद्दार’ कहने पर रवनीत बिट्टू ने दिया जवाब