नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के विधायक हिलाल अकबर लोन ने रविवार को पार्टी में बगावत की अटकलों को खारिज किया है। हिलाल अकबर लोन ने कहा कि कोई भी ताकत, प्रलोभन या किसी पद को पाने की इच्छा पार्टी और उसके नेतृत्व के प्रति उनकी वफादारी को नहीं डिगा सकती।
हिलाल अकबर लोन की यह टिप्पणी मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के 27 अक्टूबर को मंत्रिपरिषद का विस्तार किए जाने के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस में असंतोष की अटकलों के बीच आई है।
मंत्रिमंडल विस्तार के अगले दिन पार्टी के एक अन्य विधायक के आवास पर हुई बैठक में शामिल होने वाले विधायकों में हिलाल अकबर लोन भी शामिल थे।
हिलाल अकबर लोन ने कहा कि उस बैठक में शामिल होने का उनका मकसद पार्टी या उसके नेतृत्व के प्रति असंतोष जताना नहीं था और न ही इसे उनकी वफादारी में कमी के संकेत के तौर पर देखा जाना चाहिए।
हिलाल अकबर लोन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, ”यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोगों ने पिछले दिनों हमारे एक साथी विधायक के आवास पर हुई बैठक को अलग रंग देने और उसका गलत अर्थ निकालने की कोशिश की है। मैं अपने नेता या पार्टी का साथ छोड़ने के इरादे से वहां नहीं गया था।”
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने हमें राजनीतिक जीवन दिया- लोन
सोनावारी से विधायक हिलाल अकबर लोन ने कहा, ”जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने हमें राजनीतिक जीवन दिया है। हम आज जो कुछ भी हैं, उसी की बदौलत हैं। पार्टी के प्रति हमारी वफादारी किसी पद या ओहदे से कहीं बढ़कर है।” पार्टी ने भी इससे पहले बगावत की खबरों को खारिज किया था।
एनसी के कश्मीर प्रांत के सचिव शौकत मीर ने शुक्रवार को विधायकों की बैठक को ‘दरबार मूव’ से पहले आपसी मेलजोल के लिए आयोजित एक सौहार्दपूर्ण बैठक बताया था। ‘दरबार मूव’ के तहत जम्मू-कश्मीर में सरकार का कामकाज सर्दियों में छह महीने जम्मू और गर्मियों के दौरान छह महीने श्रीनगर से संचालित होता है।
हिलाल अकबर लोन ने कहा कि उनके पिता एवं पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर लोन ने अपना जीवन पार्टी को समर्पित कर दिया था और पार्टी ने भी उनकी राजनीतिक आकांक्षाओं को पूरा करने में हर संभव सहयोग दिया। उन्होंने कहा, ”इसके अलावा, जब मुझे सोनावारी से उम्मीदवार चुना गया, तो मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने खुद मेरे नाम की घोषणा की थी। न तो मेरे पिता ने और न ही मैंने पार्टी का टिकट पाने के लिए किसी से पैरवी की थी।”
उमर अब्दुल्ला के प्रति हैं वफादार
हिलाल अकबर लोन ने कहा, ”आज मैं जो कुछ भी हूं, अपनी पार्टी और अपने नेता की बदौलत हूं। पार्टी और लोगों के विश्वास तथा समर्थन से उनके प्रति मेरी वफादारी और मजबूत हुई है।” विधायक हिलाल अकबर लोन ने कहा कि अपने पिता की तरह वह भी पार्टी और उसके नेता उमर अब्दुल्ला के प्रति पूरी तरह वफादार हैं।
यह भी पढ़ें- ‘जब जमीन ही नहीं बची तो अंगद का पैर कहां रखेंगे…’
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर तंज कसा, जिसमें उन्होंने कहा था यूपी में बीजेपी की सरकार अंगद का पैर है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
