मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। यहां से बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। इसके बाद से बीजेपी के दिग्गज नेता नरोत्तम मिश्रा के समर्थक भड़क गए और उन्होंने जमकर बवाल काटा। नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने हाइवे जाम कर दिया और पत्थरबाजी भी की। हालांकि अब नरोत्तम मिश्रा ने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि टिकट देना या ना देना, यह पार्टी का फैसला होता है।
नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “यह पार्टी का फैसला है। मैं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं, खासकर सोशल मीडिया पर कार्यकर्ताओं को पेट्रोल या केरोसिन डालते हुए वीडियो देखने के बाद कि वे ऐसी हरकतें न करें। पार्टी के मंच पर विचार सही तरीके से रखे जाते हैं। उन्हें इस तरह से नहीं जताया जाता।”
दतिया से भाजपा जिलाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा
नाराज कार्यकर्ताओं ने दतिया-झांसी हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे करीब तीन किलोमीटर लंबा वाहनों का जाम लग गया। दतिया से भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सरण सहित कई पदाधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया है। दतिया पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कई पुलिस कर्मी घायल हुए है।
3000 से ज़्यादा उपद्रवियों ने माहौल खराब करने की कोशिश की- दतिया के एसपी
दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल ने कहा कि कल दतिया शहर में 3000 से ज़्यादा उपद्रवियों ने माहौल खराब करने की कोशिश की। उन्होंने बाज़ार बंद कराने की कोशिश की। वे कल शाम 6 बजे से ही ‘चक्का जाम’ के लिए यहां बैठे थे। कलेक्टर और मैंने उनसे कई बार यहां से हटने और ‘चक्का जाम’ खत्म करने के लिए बात की। इसकी वजह से लगभग 15 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। आस-पास के ज़िले भी प्रभावित हो रहे हैं।
कैलाश विजयवर्गीय का बयान
वहीं नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने को लेकर मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हम ध्यान दे रहे हैं और यह हमारे लिए बहुत छोटा मामला है। उन्होंने कहा कि पार्टी बहुत सोच विचार के बाद निर्णय लेती है और नरोत्तम जी भी पार्टी के लिए काम करेंगे और मैं आज ये बात कह रहा हूं। कैलाश विजयवर्गीय ने नरोत्तम मिश्रा को अच्छा और वरिष्ठ साथी बताया। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटें हैं और 2000 लोग टिकट चाहते हैं, लेकिन हर किसी को नहीं मिल सकता।
दतिया उपचुनाव कांग्रेस के लिए क्यों है चुनौतीपूर्ण? जानें पिछले चार चुनाव के आंकड़े
दतिया विधानसभा में उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता जाने की वजह से हो रहा है। राजेंद्र भारती को दो साल की सजा मिलने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता स्वतः समाप्त हो गई थी। इसके बाद मध्य प्रदेश विधानसभा सचिवालय ने इस सीट को रिक्त घोषित कर दिया था। पढ़े पूरी खबर।
