अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत पर उत्तर प्रदेश में मुस्लिम संगठनों ने आक्रोश का इजहार किया है। शिया और सुन्नी मुस्लिम संगठनों ने आने वाले दिनों में इस मामले में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड की तरफ से रविवार रात को लखनऊ स्थित छोटा इमामबाड़े में प्रदर्शन किया जाएगा जबकि सुन्नी मस्जिदों में खामेनेई के लिए दुआ की जाएगी।
ईरान की सरकारी मीडिया ने रविवार तड़के पुष्टि की थी कि खामेनेई की इजरायल और अमेरिका द्वारा किए गए हमले में मौत हो गयी है।
ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास ने खामेनेई की मौत पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजरायल की इस हरकत के खिलाफ रविवार शाम को लखनऊ स्थित छोटा इमामबाड़े पर विशाल प्रदर्शन और शोक सभा होगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के पुतले फूंके जाएंगे।
ईरान के साथ खड़ा है शिया समुदाय- अब्बास
अब्बास ने कहा कि शिया समुदाय पूरी तरह से ईरान के साथ खड़ा है और ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने तीन दिन के शोक का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान शिया समुदाय के लोग काले कपड़े पहनेंगे, अपने घरों पर काले परचम लगाएंगे और खामेनेई के लिए फातिहा और ईसाल-ए-सवाब व मजलिसों का आयोजन करेंगे।
अब्बास ने कहा, ”अमेरिका और इजरायल ने खामेनेई की हत्या कर यह गलतफहमी पाल ली है कि उन्होंने इस्लाम को खत्म कर दिया है लेकिन यजीद (पूर्व में एक जालिम शासक) ना कल कामयाब हुआ था और ना आज कामयाब होगा।”
पूरी दुनिया के मुसलमान एकजुट – मौलाना खालिद
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की कार्यकारिणी समिति के वरिष्ठ सदस्य लखनऊ के शहर काजी मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने खामेनेई की हत्या के लिए अमेरिका और इजरायल की कड़ी निंदा की।
उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजरायल ने जिस तरह से अंतरराष्ट्रीय कानून की धज्जियां उड़ाते हुए रमजान माह में ईरान पर हमला किया, उसकी पूरी दुनिया को निंदा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजरायल के इस कृत्य के खिलाफ पूरी दुनिया के मुसलमान एकजुट हैं और ईरान में सुन्नियों की मस्जिदों पर हो रहे हमलों को रोकने और खामेनेई के लिए खास दुआ की जाएगी।
पूरी इंसानियत का नुकसान- मौलाना कल्बे जव्वाद
शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने खामेनेई की हत्या को सदी का सबसे अफसोसजनक घटना बताते हुए कहा कि यह सिर्फ मुसलमानों का ही नहीं बल्कि पूरी इंसानियत का भी नुकसान है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब गाजा के मुसलमानों पर इजरायल के जुल्म के खिलाफ बाकी दुनिया खामोश थी, तब खामेनेई ने ही उनकी आवाज उठाई, इसीलिए ये देश उनके दुश्मन बन गए।
मौलाना जव्वाद ने कहा कि शिया समुदाय तीन दिन का शोक मनाएगा और रविवार रात को आठ बजे लखनऊ स्थित छोटा इमामबाड़े के सामने जलसा किया जाएगा, साथ ही कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
Israel-Iran War LIVE: ईरानी रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख की मौत
ईरान ने अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत पर देश में 40 दिनों के सार्वजनिक शोक और सात दिनों की सार्वजनिक छुट्टियां घोषित की हैं। यहां क्लिक कर पढ़िए, युद्ध से जुड़े ताजा अपडेट्स।
