महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के आजाद मैदान में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ‘लहराओ तिरंगा’ रैली फ्लॉप नजर आई, यहां प्रदर्शनस्थल पर 50 लोग भी जमा नहीं हुए, जबकि दिल्ली के इतर मुंबई में पुलिस ने सीजेपी को प्रदर्शन करने की अनुमति भी दी थी।

पुलिस की अनुमति के मुताबिक, सीजेपी की तिरंगा रैली सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होनी थी। सुबह के दौरान करीब चार घंटों तक भवन सिंह जन अधिकार यात्रा और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) जैसे संगठनों के वॉलिंटियर्स और सीजेपी के समर्थक वहां मौजूद थे।

मुंबई कोर्डिनेटर भी आजाद मैदान नहीं आए

आजाद मैदान में प्रदर्शनकारी दोपहर 3 बजे के आसपास जमा होना शुरू हुए लेकिन उनकी संख्या तो वॉलिंटियर्स से भी काफी कम नजर आई। इतना ही नहीं सीजेपी के मुंबई कोर्डिनेटर प्रणव अहीरे खुद प्रदर्शन स्थल यानी आजाद मैदान में नजर नहीं आए। शाम 5 बजे के बाद तो भीड़ एकदम गायब हो गई।

कई लोगों ने लोगों की संख्या को लेकर कहा कि सीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी ही नहीं दी गई। कुछ का तो कहना था कि विरोध-प्रदर्शन की घोषणा बहुत देर से की गई और इसमें न तो मुद्दे को लेकर कोई स्पष्टता थी और न ही आगे के आंदोलन को लेकर कोई जानकारी दी गई।

प्रदर्शनकारियों ने सीजेपी से सवाल किए

प्रदर्शनकारियों ने मुंबई प्रदर्शन के दौरान सीजेपी के किसी बड़े चेहरे के न होने पर सवाल किए। उन्होंने कहा कि संगठन को कोई ठोस योजना बनानी चाहिए। कुछ अन्य लोगों ने कहा कि डर की वजह से लोग इस सभा में शामिल होने से बच रहे हैं।

मुंबई निवासी आयुष नागरेचा ने कहा, “शायद भीड़ कम होने का कारण यह डर है कि कहीं उनके साथ भी वैसा ही सलूक न हो या उन्हें हिरासत में न ले लिया जाए, जैसा दिल्ली पुलिस भीड़ के साथ कर रही है।”

हालांकि भीड़ कम होने के बाद भी वहां आए लोग पीछे नहीं हटे। आयुष नागरेचा ने कहा, “लोकतंत्र हमेशा हर कसौटी पर खरा उतरेगा।”

अन्य लोगों ने भी कुछ ऐसी ही बात कही। छात्र रईसा और प्रमोदिता ने कहा, “हम अपने उन बहन और भाइयों के समर्थन में यहां आए हैं जिन्हें दिल्ली में अधिकारियों ने बेरहमी से हिरासत में लिया और उनके साथ बुरा व्यवहार किया।”

500 पुलिसकर्मी थे तैनात

मुंबई पुलिस ने विरोध प्रदर्शन से पहले, अधिकारियों ने आजाद मैदान और छत्रपति शिवाजी महाराज मेट्रो के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया था।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उन्हें इस प्रदर्शन के बारे में पता ही नहीं था, क्योंकि कथित तौर पर सीजेपी के आधिकारिक हैंडल से इसके बारे में जानकारी पोस्ट नहीं की गई थी।

एडवोकेट आनंदिनी फर्नाडीस ने कहा, “मैं यहां अकेले आई हूं, सीजेपी की ओर से इस प्रदर्शन के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी, यहां तक कि उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर भी, अनुमति मिलने के बावजूद कोई जानकारी नहीं थी। कोई तालमेल नहीं है, जिस कारण से लोग यहां नहीं आ सके। हम यहां इसलिए विरोध कर रहे हैं ताकि हमारा विरोध करने का अधिकार खतरे में न पड़े।”

पुलिस हिरासत से डरे हुए हैं लोग- छात्रा

छात्रा प्रमोदिता ने कहा, “लोग मुंबई पुलिस की ओर से की जा रही सामूहिक हिरासत से भी डरे हुए हैं, जिस विरोध प्रदर्शन के लिए परमिशन मिली थी, उसके बारे में तो आयोजकों ने भी पहले से कोई जानकारी नहीं दी।”

उन्होंने कहा, “जो लोग यहां पहुंचे, उन्हें यह भी नहीं पता था कि मैदान तक कैसे आना है। विरोध प्रदर्शन को और अधिक ऑर्गेनाइज्ड होना चाहिए।”

सान्या कोरे और आमिर काजी जैसे नेताओं और अंजलि दमनिया जैसी सामाजिक कार्यकर्ताओं ने छोटे भाषण दिए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के लिए जवाबदेही तय करने की बात कही।

मुंबई पुलिस ने कहा कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। पुलिस के मुताबिक, “आजाद मैदान में सुरक्षा बल तैनात थे, कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं हुई और सीजेपी के नेतृत्व वाले वामपंथी छात्र संगठनों का यह प्रदर्शन शाम 5 बजे राष्ट्रगान के साथ समाप्त हुआ।”

यह भी पढ़ें: ‘कॉकरोच का जश्न मनाएं’ , न्यूयॉर्क में आयोजित कार्यक्रम में सलमान रुश्दी और मीरा नायर ने किया CJP का सपोर्ट

दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी है। वे चुनाव में हुई गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस बीच, भारतीय मूल के मशहूर ब्रिटिश-अमेरिकी लेखक सलमान रुश्दी ने इस समूह का समर्थन करते हुए कहा, “कॉकरोच का जश्न मनाओ।” पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें