Local Train Cooling System Fail: सप्ताह के पहले दिन जब भीड़ रेलवे स्टेशनों पर चरम पर होती है, उस दौरान ही मुंबई के मुलुंड स्टेशन पर रुकी भारी भीड़ वाली एसी लोकल का कूलिंग सिस्टम बंद हो गया। इसके चलते ट्रेन में सवार यात्रियों को सांस लेने में काफी तकलीफ हुई। इसके चलते एक यात्री को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। कूलिंग सिस्टम खराब होने के दौरान ट्रेन खचाखच भरी हुई थी।
दरअसल, लोकल एसी ट्रेन में कूलिंग सिस्टम खराब होने की ये घटना सुबह करीब 9.26 बजे की है। मुलुंड स्टेशन के प्लेटफार्म 2 पर खड़ी 8.33 बजे चलने वाली टिटवाला-सीएसएमटी एसी लोकल ट्रेन का एयर कंडीशनिंग सिस्टम खराब हो गया। यह करीब 15 मिनट तक बंद रहा। इसके चलते डिब्बों में सवार भारी भीड़ की वजह से तापमान बहुत तेजी से बढ़ने लगा।
यात्रियों को हुई सांस लेने में दिक्कत
आम तौर पर नॉन-एसी लोकल ट्रेनों में गेट खुले हुए ही होते हैं लेकिन एसी लोकल वाली ट्रेनों के डिब्बे मेट्रो की तरह ऑटोमैटिक बंद होने वाले होते हैं। ऐसे में जब कूलिंग सिस्टम बंद हो गया, तो लोग चाहकर भी बाहर नहीं निकल पाए, और अंदर सांस लेने में उन्हें दिक्कत होने लगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तीन यात्रियों ने सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की और चिकित्सा सहायता मांगी। फ़हीम अंसारी नाम के एक यात्री को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि अन्य दो यात्री ठीक हो गए और उन्होंने अपनी यात्रा जारी रखी। सोशल मीडिया पर शेयर किए हुए वीडियो में रेलकर्मी और साथी यात्री प्लेटफॉर्म पर पहुंचकर, परेशानियों का सामना कर रहे यात्रियों की मदद करते भी दिखे।
ट्रेन को मरम्मत के लिए भेजा गया
अधिकारियों ने बताया कि कुर्ला स्टेशन पहुंचने के बाद ट्रेन को सेवा से हटा दिया गया। एयर कंडीशनिंग में खराबी पाए जाने के बाद एसी लोकल ट्रेन को मरम्मत के लिए वर्कशॉप भेजा गया। बता दें कि कूलिंग सिस्टम खराब होने की यह घटना कोई नई नहीं है।
2018 में, बोरीवली-चर्चगेट एसी लोकल ट्रेन में एयर कंडीशनिंग की खराबी के कारण यात्रियों को भारी पसीना आया और घुटन की शिकायत हुई। पश्चिमी रेलवे ने तब इस समस्या का कारण तकनीकी खराबी बताया था और ट्रेन की मरम्मत की थी।
इस ताजा घटना ने मुंबई की एसी उपनगरीय ट्रेन सेवाओं की विश्वसनीयता को लेकर एक बार फिर चिंताएं बढ़ा दी हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को हुई खराबी के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: चलती ट्रेन में ‘सुहागरात’ के बाद अब पूजा-पाठ का वीडियो आया सामने, रेलवे ने सवाल पूछने वालों को पढ़ा दिए नियम- देखें वीडियो
चलती ट्रेन के कोच में एक शादीशुदा कपल जोड़े के लिए’सुहागरात’ की सजावट को लेकर उठा विवाद अभी थमा नहीं था कि एक और ऐसे ही मामले ने इंडियन रेलवे की भद्द पीटने का काम किया है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो इन दिनों सुर्खियां बटोर रहा है। इस वायरल वीडियो में कुछ लोग ट्रेन के सैलून कोच में पूजा-पाठ करते हुए नजर आ रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर…
