मुंबई के गोरेगांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 10 साल की बच्ची पर अपने पड़ोस में रहने वाली 18 महीने की मासूम को छठी मंजिल से नीचे फेंकने का आरोप है। इस घटना में मासूम की मौत हो गई। पुलिस ने नाबालिग बच्ची को हिरासत में लिया है, जबकि उसकी मां को भी हिरासत में लिया गया है।
यह घटना बुधवार रात करीब 9 बजे शिवशाही बिल्डिंग में हुई। पुलिस के मुताबिक, बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कथित तौर पर 10 साल की बच्ची मासूम को उठाकर छठी मंजिल से नीचे फेंकते हुए दिखाई देती है। इसके बाद वह कॉरिडोर के दूसरी तरफ भागती नजर आती है। कुछ देर बाद वह उसी मंजिल के गलियारे में साइकिल चलाती हुई भी दिखाई देती है।
बिल्ली को लेकर दोनों परिवारों के बीच था विवाद
पुलिस के अनुसार, 18 महीने की बच्ची का परिवार 1 अक्टूबर को ही इस बिल्डिंग में रहने आया था। मासूम के परिवार ने आरोप लगाया है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से बिल्ली को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि, विवाद किस बात पर हुआ था, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
वहीं, कुछ सूत्रों ने दावा किया है कि 10 साल की बच्ची मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थी। हालांकि, इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद मासूम के परिवार ने न्याय की मांग की है।
सीसीटीवी कैमरे बंद करने का भी आरोप
मासूम के परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना को छिपाने के लिए बच्ची के परिवार ने सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए थे। पुलिस के मुताबिक, परिवार ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, कैमरे बंद किए जाने के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। डिंडोशी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है। मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल, दिंडोशी पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के पीछे की वजह और दोनों परिवारों के बीच हुए विवाद की वास्तविक स्थिति का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: ‘मैं चार घंटे तक पेशाब नहीं जा पाई…’, विरोध प्रदर्शन के छह महीने बाद क्या महिला गिग वर्कर्स की मुश्किलें कम हुईं?
नोएडा में अर्बन कंपनी (Urban Company) से जुड़ी महिला गिग वर्कर्स ने छह महीने विरोध प्रदर्शन किया था। उनकी मांग थी कि काम के घंटे निश्चित हों, आराम करने की जगह और बुनियादी सुविधाएं मिलें। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
