महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मुलुंड स्थित फोर्टिस अस्पताल की रसोई चलाने वाली कंपनी ‘सोडेक्सो इंडिया सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड’ का फूड बिजनेस लाइसेंस निलंबित कर दिया है। जांच के दौरान यहां मरीजों के लिए खाना तैयार होते समय कॉकरोच, ड्रेनेज में खाने का कचरा, फफूंद लगे फूड कंटेनर और जंग लगे चाकू मिले।

यह कार्रवाई एफडीए द्वारा 16 अक्टूबर को शुरू किए गए राज्यव्यापी अभियान के तहत की गई है। इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले 25 खाद्य प्रतिष्ठानों (होटल, रेस्तरां, बेकरी और कैंटीन सहित) के लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं।

मरीजों की सुरक्षा अहम- फोर्टिस

एफडीए की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए फोर्टिस ने कहा कि मरीजों की सुरक्षा और साफ-सफाई उनके लिए सबसे अहम है। अस्पताल ने बताया कि उन्हें एफडीए से अपने परिसर में चल रही रसोई के बारे में जानकारी मिली है। यह रसोई एक थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर ‘सोडेक्सो इंडिया सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा चलाई जाती है और उसके पास फूड बिजनेस लाइसेंस है।

फोर्टिस अस्पताल ने कहा, “हम एफडीए द्वारा उठाई गई बातों को गंभीरता से ले रहे हैं। हमने सर्विस प्रोवाइडर को निर्देश दिया है कि वे तुरंत इन कमियों को दूर करें और खाद्य सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का पालन करें।”

फोर्टिस अस्पताल के अनुसार, मरीजों और उनके साथ आए लोगों को बिना किसी रुकावट के सुरक्षित और पौष्टिक भोजन मिलता रहे, इसके लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं।

सोफिया कॉलेज की कैंटीन का लाइसेंस भी निलंबित

खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान नियमों के उल्लंघन का पता चलने पर एफडीए ने मुंबई के भुलाभाई देसाई रोड स्थित सोफिया कॉलेज की कैंटीन का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है। सोफिया कॉलेज फॉर वीमेन की प्रिंसिपल अनघा तेंदुलकर पाटिल ने बताया कि कॉलेज ने कैंटीन ठेकेदार की सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी हैं।

तेंदुलकर ने कहा, “कॉलेज ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कैंटीन ठेकेदार की सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी हैं। यह आज ही हुआ है और जरूरी सुधार शुरू कर दिए गए हैं।”

25 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित

पूरे महाराष्ट्र में चलने वाले अभियान के तहत एफडीए ने अभी तक 25 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड किए हैं। इनमें मुंबई डिवीजन के 7, कोंकण डिवीजन के 2, पुणे के 8 और छत्रपति संभाजीनगर डिवीजन के 8 प्रतिष्ठान शामिल हैं। इन प्रतिष्ठानों में पुणे स्थित डोमिनोज पिज्जा के छह आउटलेट और अन्य फूड कारोबार शामिल थे। ये सभी खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर रहे थे।

यह भी पढ़ें- ‘जिस पर भी भरोसा हो, शेयर करें’

महाराष्ट्र के एफडीए अफसर तुकाराम मुंढे ने शिवसेना सांसद संजय राउत के आरोपों पर जवाब दिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।