बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) मुंबई में 15 मई से पानी में 10 प्रतिशत की कटौती करने जा रहा है। बीएमसी यह एहतियाती कदम इसलिए उठा रहा है क्योंकि बढ़ती गर्मी के कारण शहर के सात झीलों में पानी का भंडार तेजी के नीचे जा रहा है। मौसम विभाग ने मौजूदा अल नीनो चक्र को देखते हुए इस मौसम में औसत से कम मॉनसून का पूर्वानुमान लगाया है।

मुंबई में पीने के पानी की रोजाना होने वाली सप्लाई सात झीलों से की जाती है, जिनमें ऊपरी वैतरणा, मोदक सागर, तानसा, मध्य वैतरणा, भातसा, विहार और तुलसी शामिल हैं। इन सभी झीलों की कुल क्षमता 14.47 मिलियन लाख लीटर है। सोमवार को इन सात झीलों में पानी का कुल भंडार 3.40 मिलियन लाख लीटर तक आ गया, जो कि इन झीलों की कुल क्षमता का 23.52 प्रतिशत है। पिछले साल भी इसी समय झीलों में पानी का स्तर नीचे गिरकर 20.26 प्रतिशत रह गया था।

15 मई से पूरे शहर में होगी कटौती

सात झीलों में पानी का कुल स्टॉक तेज़ी से कम होने के कारण, BMC ने सोमवार को घोषणा की कि 15 मई से पूरे मुंबई में पानी की सप्लाई में 10 प्रतिशत की कटौती की जाएगी। यह फ़ैसला राज्य के जल संसाधन विभाग के निर्देशों के तुरंत बाद आया है। इन निर्देशों में एहतियाती उपाय के तौर पर पानी की सप्लाई कम करने को कहा गया है, ताकि पानी के भंडार का इस्तेमाल लंबे समय तक किया जा सके। ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ‘अल नीनो’ प्रभाव के कारण इस साल मॉनसून के औसत से कम रहने का अनुमान लगाया है।

कम होती है वर्षा

इससे पहले, इस क्षेत्र में 2015 और 2023 में अल नीनो की घटना का प्रभाव देखा गया था। अल नीनो चरण के दौरान, आमतौर पर जून, जुलाई और अगस्त माह में कम वर्षा होती है, जबकि समग्र रूप से गर्मी का स्तर बढ़ जाता है।

क्यों लिया गया कटौती का फैसला?

बीएमसी के मुताबिक, मुंबई शहर को भातसा से 1.47 लाख मिलियन लीटर और ऊपरी वैतरणा झील से 90 हजार मिलियन लीटर अतिरिक्त पानी की सप्लाई मिलेगी। बीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हालांकि हमारे पास पर्याप्त स्टॉक है और घबराने की जरूरत नहीं है। फिर भी बढ़ती गर्मी और झीलों के पानी के तेजी से भाप बनकर उड़ने के कारण पानी की कटौती लागू करने का फैसला लिया गया है।”

मुंबई के अलावा, पानी की कटौती का असर ठाणे, भिवंडी और निज़ामपुर इलाके पर भी पड़ेगा। इससे पहले, BMC ने 2024 और 2023 की गर्मियों में 10 प्रतिशत पानी की कटौती लागू की थी।

लोगों के लिए जारी किए निर्देश

कटौती के मद्देनजर बीएमसी ने सोमवार को लोगों के लिए निर्देश जारी किया और उनसे पानी का समझदारी से इस्तेमाल करने की अपील की। बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को हाइड्रेटेज रहने की सलाह के साथ बीएमसी ने अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे पानी की टंकियों से पानी ओवरफ्लो होने से रोंके, पानी उबालने की जरूरत न पड़ने दे और गाड़ियों की सफाई के लिए पाइप के बजाय गीले कपड़े का इस्तेमाल करें। इसके अलावा भी कई अन्य उपाय अपनाने को कहा गया है। साथ ही कमर्शियल संस्थानों से भी अपील की कि वे पानी को ओवरफ्लो होने से रोंके।

इस साल औसत से भी कम बारिश का अनुमान

मुंबई में सामान्य वार्षिक औसत वर्षा करीब 2502.3 (99 इंच) मिलीमीटर है। मौसम विभाग और स्काईमेट के मुताबिक, इस साल मानसून सामान्य से कम रहने की आशंका है, जिसमें कुल बारिश सामान्य का केवल 92 फीसदी (करीब 2300 मिमी) तक होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: मुंबई में 19 हजार सड़कों की कहानी अब मोबाइल पर, QR कोड से मिलेगी पूरी जानकारी

मुंबई के स्थानीय इतिहास के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) डिजिटल संग्रहालय स्थापित करने का प्रस्ताव लेकर आ रहा है। ये संग्रहालय मुंबई के सार्वजनिक स्थलों और विरासत क्षेत्रों में डिजिटल डैशबोर्ड की तरह होंगे जो मुंबई में किसी सड़क या सार्वजनिक स्थान का नामकरण करने वाले प्रमुख व्यक्तियों के बारे में जानकारी और उस स्थान के स्थानीय इतिहास की जानकारी प्रदान करेंगे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें