मुंबई के नाहुर वेस्ट स्थित नालंदा बुद्ध विहार हॉल में एक शादी समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें खाना खाने से 27 बच्चे बीमार पड़ गए। इस घटना की जानकारी महाराष्ट्र खाद्य सुरक्षा विभाग के कमिश्नर तुकाराम मुंढे को भी दी गई है। पुलिस ने कहा कि हमने महाराष्ट्र FDA से संपर्क किया है और हम जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई शुरू करेंगे और इस मामले की जांच करेंगे।

भांडुप पुलिस ने बताया, “शादी में कम से कम 500 लोग शामिल हुए थे। आखिरी बैच में खाना खाने वाले 27 लोगों में फूड पॉइजनिंग के लक्षण दिखाई दिए।” पुलिस ने आगे बताया कि इन सभी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। प्रभावित लोगों का इलाज चल रहा है और बताया जा रहा है कि वे अब खतरे से बाहर हैं।

अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की हालत स्थिर

पुलिस ने कहा, “किसी की जान नहीं गई है। अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की हालत स्थिर है।” भांडुप पुलिस ने बताया कि उन्होंने शादी में हुई इस घटना के बारे में महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) को सूचित कर दिया है। अधिकारी अब प्रभावित लोगों के ‘स्टमक वॉश’ (पेट की जांच) की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, ताकि फूड पॉइजनिंग के असली कारण का पता लगाया जा सके और उचित कानूनी कार्रवाई शुरू की जा सके।

मिलावटखोरों के खिलाफ मुहीम चला रहे तुकाराम मुंढे देश भर में चर्चा में हैं। पिछले कुछ हफ़्तों में वह महाराष्ट्र के कई रेस्टोरेंट और फैक्टरियों में उन्होंने छापा मार कर खाने-पीने की चीजों में हो रही मिलावट से जुड़ी कई मामलों का खुलासा किया है। इस बीच अपने एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बाहर खाने खाते समय सुरक्षित भोजन के लिए 4 जरूरी बातें बताईं, जिनका वह खुद भी ध्यान रखते हैं।

यह भी पढ़ें- 20 साल में 25 तबादले… जानिए कौन हैं सख्त IAS अफसर तुकाराम मुंढे जिनसे डरते हैं मुंबई के रेस्तरां मालिक

महाराष्ट्र कैडर के आईएएस अफसर तुकाराम मुंढे अपनी सख्त कार्यशैली और नियमों का पालन कराने वाले अफसर के रूप में जाने जाते हैं। तुकाराम मुंढे को इस वजह से अपने करियर में कई बार तबादले का सामना करना पड़ा है। 20 साल के करियर में 25 बार मुंढे का तबादला हो चुका है। कुछ साल पहले तुकाराम मुंढे को महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफडीए) में कमिश्नर बनाया गया और इसके बाद से उन्होंने खाद्य सुरक्षा को लेकर पूरे महाराष्ट्र में सख्त कार्रवाई की है। पढ़ें पूरी खबर