समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की तबीयत रविवार दोपहर अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें लखनऊ के राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि हाई शुगर की समस्या की वजह से चेकअप के लिए रविवार को नेताजी को लोहिया अस्पताल ले जाया गया। लोहिया अस्पताल के डॉ. भुवन चंद्र तिवारी की देख-रेख में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल मुलायम सिंह की हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस वजह से हुई दिक्कत: जानकारी के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह का मुंह सूख रहा था। रविवार दोपहर जब दिक्कत बढ़ गई, तब डॉक्टरों ने उन्हें एडमिट कराने की सलाह दी। रविवार शाम करीब 4:30 बजे उन्हें लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लाया गया। जांच में ब्लड शुगर हाई मिली। ऐसे में उनका इलाज शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि देर रात उनकी हालत में सुधार आया था।
National Hindi News, 10 June 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
इन बीमारियों से पीड़ित हैं मुलायम सिंह: बता दें कि सपा संस्थापाक मुलायम सिंह हाइपर ग्लाइसिमिया (हाइपरटेंशन) और हाइपर डायबीटीज से पीड़ित हैं। फिलहाल उन्हें लोहिया इंस्टिट्यूट के सेकंड फ्लोर पर प्राइवेट वॉर्ड में एडमिट किया गया है। इससे पहले तबीयत खराब होने पर उन्हें संजय गांधी पीजीआई में भर्ती किया गया था। वहीं, कुछ समय उनका इलाज गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में भी हुआ था।
बेटे और भाई के रिश्ते बहाल कराने में जुटे हैं मुलायम: बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 में समाजवादी पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मुलायम सिंह यादव अपने बेटे अखिलेश यादव और भाई शिवपाल यादव के बीच रिश्तों को बहाल कराने में जुटे हैं। उत्तर प्रदेश में 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद शिवपाल यादव समाजवादी पार्टी से अलग हो गए थे। उन्होंने अपनी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी बना ली है। बताया जा रहा है कि मुलायम सिंह यादव ने मतभेदों को मिटाने के लिए अखिलेश और शिवपाल से कई बार मुलाकात की है। वहीं, परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी बातचीत चल रही है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव दिल्ली और सैफई में अखिलेश व शिवपाल से मीटिंग कर चुके हैं।