Mukhtar Ansari Aide Shoaib Killed: पूर्व ब्लॉक प्रमुख और माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी शोएब उर्फ बॉबी की अपराधियों ने शुक्रवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि लखनऊ से वापस लौट रहे शोएब को देवा रोड स्थित असेनी मोड़ के पास फिल्मी अंदाज में मौत के घाट उतार दिया गया। घटना को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए।
करीब 10 राउंड फायरिंग की गई
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों शोएब की कार को घेर लिया और फिर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि करीब 10 राउंड फायरिंग की गई है। गोलियों की तड़तड़ाहट से राष्ट्रीय राजमार्ग पर हड़कंप मच गया।
हमले में शोएब गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने आनन फानन उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र भर में सनसनी फैला दी है। साथ ही कानून व्यवस्था पर भी सवालिया निशान भी खड़ा कर दिया है।
सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस साक्ष्य जुटाने के साथ ही NH पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश को हत्या का वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद NH पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल रहा। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हत्या के कारणों का भी खुलासा किया जाएगा।
