सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें दावा किया गया कि मध्य प्रदेश के सतना जिले में भाजपा के नागौद मंडल अध्यक्ष पुलकित टंडन ने एक 25 वर्षीय महिला को एक गोदाम में पीट दिया। साथ ही युवती को जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने शिकायत पर युवती से मारपीट और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं, वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने भी मंडल अध्यक्ष पुलकित टंडन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

‘आगे की कार्रवाई की जाएगी’

पुलिस ने कहा कि वायरल हो रहे वीडियो समेत अन्य सबूतों की जांच और छानबीन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और हम वीडियो की जांच कर रहे हैं। हमने अभी तक पुलकित टंडन से पूछताछ नहीं की है। दोनों पक्ष एक-दूसरे को कई सालों से जानते हैं और उनके बीच अनबन हुई है, जिसकी जांच की जा रही है।” बता दें कि पीड़ित युवती, पुलकित के गोदाम के पास अपना ब्यूटी पार्लर चलाती है।

ग्राहक बनकर युवती को बुलाया

हालांकि पुलकित ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना मंगलवार रात 09 बजे नागौद थाना क्षेत्र में घटी। शिकायतकर्ता युवती ने आरोप लगाया कि उसे ग्राहक बनकर मिलने के बहाने गोदाम में बुलाया गया और उससे मारपीट की गई। युवती ने बताया कि कॉल पुलकित टंडन के सहयोगी के मोबाइल फोन से किया गया था।

शराब देख युवती ने की भागने की कोशिश

युवती ने दावा किया कि गोदाम के अंदर जाने के बाद, उसने पुलकित टंडन को शराब पीते हुए देखा तो वह भयभीत होकर वहां से तुरंत बाहर निकलने लगी। इस पर आरोपी ने कथित तौर पर उसका हाथ पकड़ लिया। जिसके बाद भागने के क्रम में पीड़िता ने आरोपी का फोन उठाया और उसे फेंक दिया और बाहर भाग गई, जिसके बाद पुलकित ने कथित तौर पर उस पर शराब की बोतल फेंकी और उसको दौड़ा लिया। आगे आरोप में युवती ने बताया कि पुलकित ने उसे कई थप्पड़ मारे और धक्का देकर नीचे गिरा दिया, जहां लोहे की सरिया के ढेर पड़े हुए थे।

परिजनों से भी की गई मारपीट

जब पीड़िता काफी देर तक घर नहीं लौटी तो उसकी मां और भाई मौके पर पहुंचे। युवती ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की और घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो पुलकित और उसके साथियों ने उन पर भी हमला किया। बाद में युवती अपने मां और भाई के साथ नागौद पुलिस थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

30 सेकेंड में पुलकित ने मारे 6 थप्पड़

वायरल वीडियो में भी दिख रहा कि आरोपी युवती का पीछा करता है और उसे करीब 30 सेकेंड के भीतर 6 थप्पड़ मारे। महिला इस दौरान उसे बार-बार कुछ कहते हुए नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो सीसीटीवी फुटेज का लग रहा है, जिसके मुताबिक, 27 जनवरी की रात 09.08 बजे घटी।

वीडियो के सामने आने के बाद भाजपा के जिला महासचिव रमाकांत गौतम ने पुलकित टंडन को कारण बताओ नोटिस जारी कर घटना के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। आगे पढ़िए गणतंत्र दिवस पर मध्य प्रदेश के स्कूली बच्चों को किताबों के फटे पन्नों पर परोसा गया खाना, वीडियो वायरल, प्रिंसिपल पर हुआ एक्शन