MP By-Elections 2020 से पहले शिवराज कैबिनेट के मंत्री का नोट बांटते VIDEO वायरल, Congress ने EC को दी शिकायत
मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार चल रहा है, उम्मीदवार जमकर प्रचार में जुटे हुए हैं।

मध्य प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए आदिवासी नेता बिसाहू लाल सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। शिवराज सिंह सरकार में खाद्य मंत्री सिंह वायरल वीडियो में जनता के बीच जाकर नोट बांटते हुए नजर आ रहे हैं। बता दें कि राज्य में उप चुनाव होने वाले हैं और वो अनूपपुर विधानसभा श्रेत्र से बतौर भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने वाले हैं।
वायरल वीडियो में भाजपा नेता बच्चों को 100-100 रुपए के नोट बांटते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भी इसपर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने वीडियो शेयर कर पूछा कि क्या केंद्रीय चुनाव आयोग और न्यायपालिका इस वीडियो पर संज्ञान लेगी।
इधर प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस पर भाजपा नेता को बदनाम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री बिसाहू लाल सिंह को बदनाम करने के लिए कांग्रेस फेक फोटो का सहारा ले रही है। इससे साबित होता है कि उसमें चुनाव मैदान में सीधा सामने करने की हिम्मत नहीं है। तभी वो पीठ पीछे साजिश कर रही है जबकि बिसाहू लाल बहुत अनुभवी और वरिष्ठ नेता हैं।
मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार चल रहा है, उम्मीदवार जमकर प्रचार में जुटे हुए हैं। उप-चुनाव के नतीजे बिहार विधानसभा के नतीजों के साथ ही 10 नवंबर को आएंगे।
वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता का वायरल वीडियो तीन अक्टूबर का है जबकि भाजपा ने इससे इनकार किया है। भाजपा के बिसाहू लाल ने कहा कि वायरल वीडियो पुराना है। हालांकि वीडियो में कोई भी मास्क पहने नजर नहीं आता, इसलिए स्पष्ट रूप से साफ नहीं हो पाया है कि वीडियो कब का है।
क्या केंद्रीय चुनाव आयोग व न्यायपालिका इस विडियो को संज्ञान में लेगी? https://t.co/5P1DFKeRAR
— digvijaya singh (@digvijaya_28) October 6, 2020
वीडियो वायरल होने पर सोशल मीडिया में भी जमकर प्रतिक्रिया देखी गईं। कांग्रेस विधायक ओमकार सिंह कहते हैं, ‘चूंकि बिसाहू लाल सिंह जी का पैसे बांटते अब वीडियो भी सबके सामने आ गया है और भाजपा जिंदाबाद के नारे भी लग रहें हैं। बार बार चुनाव आयोग को जानकारी देने के बावजूद भी निर्वाचन आयोग चिर निंद्रा में लीन है। यह रिश्ता क्या कहलाता है??’
पत्रकार ब्रजेश राजपूत लिखते हैं, ‘मध्य प्रदेश के केबिनेट मंत्री बिसाहू लाल सिंह का नोट बांटते वीडियो वायरल हुआ है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए मंत्री जी को उपचुनाव भी लड़ना है, इसलिए एमपी कांग्रेस चुनाव आयोग से शिकायत कर रही है।’
भाजपा सरकार के मंत्री बिसाहूलाल सिंह जी को बदनाम करने के लिए कांग्रेस फेक फोटो का सहारा ले रही है। इससे साबित होता है कि उसमें चुनाव मैदान में सीधा सामने करने की हिम्मत नहीं है। तभी वो पीठ पीछे साजिश कर रही है जबकि बिसाहूलाल जी बहुत अनुभवी और वरिष्ठ नेता हैं।@BJP4MP @INCMP pic.twitter.com/gOfR9ghWe1
— Dr Narottam Mishra (@drnarottammisra) October 5, 2020