मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि जो एक शादी करेगा, उसे ही राज्य में रहने का अधिकार होगा। राज्य के कटनी जिले में एक कार्यक्रम मे ंबोलते हुए मोहन यादव ने सवाल किया कि हिंदुओं और मुसलमानों के लिए अलग-अलग कानून क्यों होना चाहिए?

उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के लिए एक ही कानून होना चाहिए। अगर राम एक बार शादी करता है तो रहीम को भी एक ही शादी करने का अधिकार होना चाहिए।

मोहन यादव ने कहा, “एक देश में एक विधान, एक प्रधान, एक निशान होना चाहिए। हिंदुओं का कानून अलग, मुसलमानों का कानून अलग, ऐसा क्यों होना चाहिए? सबका एक कानून होना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा, “अभी राम अगर एक शादी करेगा, तो रहीम दो-तीन-चार क्यों करेगा? मुस्लिम बहनें भी तो हमारी मांं-बहनें हैं।”

यूसीसी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “अब एक शादी जो करेगा, उसी को कानूनन मध्य प्रदेश में रहने का अधिकार रहेगा, ये UCC कानून लगाने हमारे राज्य करने जा रहा है। एक जैसा सारा सिस्टम। एक देश, एक विधान, एक प्रधान। तो अलग-अलग कानून क्यों होना चाहिए?”

‘तीन तलाक देने वाले को जेल में डालेंगे’

मोहन यादव यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा, “…और कोई कहे कि तलाक, तलाक, तलाक, तो उठा के जेल में बंद कर देंगे, गया जमाना तलाक, तलाक का, अब एक ही शादी करने का अधिकार है। ये कानून हम राज्य में आने वाले हैं। सरकार के माध्यम से जब हम जनता के बीच जा रहे हैं, तो ये भेदभाव क्यों होना चाहिए? इस देश के अंदर, हम सब भारत माता की औलाद, भेदभाव का कहां सवाल।”

इस्लामपुर का नाम बदलेगी एमपी सरकार

कटनी में मोहन यादव ने यह भी ऐलान किया कि भोपाल के इस्लामपुर का नाम बदलकर जगदीशपुर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यूसीसी से पहले उनकी सरकार भोपाल की पुरानी राजधानी जगदीशपुर को फिर से वही पहचान देने जा रही है। उन्होंने कहा, “भोपाल की पुरानी राजधानी थी जगदीशपुर, उसका नाम आक्रांताओं ने इस्लामपुर कर दिया था, उसका नाम बदल के फिर जगदीशपुर करा है और वहीं हम ये कानून पास करेंगे।”

यह भी पढ़िए: यूसीसी पर मुसलमानों से RSS नेता बोले- घबराइए नहीं, स्वागत करिए

इंद्रेश कुमार ने कहा कि अंग्रेजों ने षड्यंत्र रचा था कि हिंदू और मुसलमान दो ऐसे समुदाय हैं, जो एक साथ नहीं रह सकते और इसी की वजह से विभाजन हुआ। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें