महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीर भयंदर में मुंबई मेट्रो की निर्माणाधीन लाइन 9 से ग्रेनाइट का एक स्लैब गिर गया है, इस हादसे में एक स्कूल वैन बाल-बाल बची है। हालांकि स्लैब गिरने से गिरे मलबे की वजह से स्कूल वैन के टायर पंचर हो गए। इसके बाद सड़क पर काफी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है।

यह घटना सोमवार सुबह करीब 11.50 बजे हुई, जब मेदेतिया नगर मेट्रो लाइन 9 (दहिसर से मीरा भायंदर) का निर्माण कार्य चल रहा था। इस घटना के बाद मुंबई महानगर क्षेत्र प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने ठेकेदार जे कुमार पर 10 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।

क्या सच में स्कूल वैन पर गिरा स्लैब?

इस घटना को लेकर एक अफवाह फैल गई कि ग्रेनाइट वैन पर गिर गया है, हालांकि एमएमआरडीए ने इन दावों का खंडन किया है। एमएमआरडीए ने कहा, “हम यह साफ करना चाहते हैं कि इस घटना में कोई भी ग्रेनाइट का पत्थर किसी भी स्कूल वैन/बस पर नहीं गिरा या सीधे तौर पर उससे नहीं टकराया।”

आगे कहा, “ग्रेनाइट के पत्थर बैरिकेड लगाकर निर्धारित कार्य क्षेत्र में गिरे। इसके बाद, आसपास से गुजर रहे एक वाहन ने ग्रेनाइट के बिखरे हुए टुकड़ों पर से गाड़ी चला दी, जिससे टायर पंचर हो गाए। वैन में कोई छात्र मौजूद नहीं था और किसी को चोट नहीं आई।”

कैसे हुआ हादसा?

एमएमआरडीए ने कहा, निर्माण साम्रगी उठाने वाले कंटेनर को ले जाते वक्त एक क्रेन गलती से एफओबी के पास रखे कुछ ग्रेनाइट पत्थरों से टकरा गई, जिससे कुछ पत्थर गिर गए और स्लैब ढह गया। मुंबई मेट्रो के निर्माणाधीन स्टेशन के नीचे के इलाके में कुछ बैरिकेड और निर्माण टेप लगाए गए थे। घटना के समय सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही थी, इसी बीच वहां से गुजर रही स्कूल वैन ढह चुकी कुछ स्लैबों पर चढ़ गई और उसके टायर पंचर हो गए।

ठेकेदार जे कुमार पर 10 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि स्टेशन एकीकरण के ठेकेदार गजानन और मुख्य सलाहकार सिस्ट्रा-सीईजी को क्रमश: 1.5 करोड़ रुपये और 1 करोड़ रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया गया है।

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में ओला, उबर और रैपिडो ड्राइवर के लिए मराठी बोलना अनिवार्य, रूल फॉलो नहीं हुआ तो होगा एक्शन

महाराष्ट्र में मराठी भाषा की अनिवार्यता को लेकर राज्य सरकार ने एक अहम फैसला बुधवार को लिया है। दरअसल, राज्य सरकार ने कमर्शियल पैसेंजर व्हीकल यानी की ओला, उबर जैसी कंपनियों के ड्राइवरों के लिए मराठी भाषा अनिवार्य कर दी है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें