पंजाब के गुरदासपुर जिले में बिक्रमजीत सिंह की हत्या के मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। 16 अक्टूबर को जारी पत्र में मंत्रालय ने मारी पनवां गांव में हुए हमले का ब्योरा मांगा है। इस हमले में बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई थी, जबकि निशान सिंह और गुरमुख सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
गृह मंत्रालय के अनुसार, इस हमले के पीछे नशीले पदार्थों से जुड़ा मामला होने का आरोप लगाया गया है। मामले के कानून-व्यवस्था पर पड़ने वाले संभावित असर को देखते हुए मंत्रालय ने पंजाब के मुख्य सचिव से घटना की विस्तृत जानकारी शेयर करने को कहा है। इस पत्र की एक प्रति पंजाब पुलिस के महानिदेशक को भी भेजी गई है।
धारदार हथियारों से किया गया था हमला
दरअसल, गुरदासपुर के मारी पनवां गांव में गुरुवार को बिक्रमजीत सिंह और उनके दो साथियों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था। इस हमले में 40 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई, जबकि निशान सिंह और गुरमुख सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में नशे के कारोबार को लेकर विवाद होने के आरोप सामने आए थे।
ग्रामीणों का दावा- नशा बेचने का विरोध करने पर हुआ हमला
स्थानीय निवासी सुखवंत सिंह ने दावा किया था कि बिक्रमजीत सिंह और उनके साथी गांव में कथित तौर पर नशा बेच रहे कुछ लोगों का विरोध कर रहे थे। इसी दौरान कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसा में बदल गई।
बिक्रमजीत के रिश्तेदार गुरदीप सिंह ने भी आरोप लगाया था कि नशे से जुड़ी गतिविधियों का विरोध करने के कारण उन पर हमला किया गया। हालांकि, ये स्थानीय लोगों के आरोप हैं और मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने नशे से जुड़े एंगल से किया इनकार
वहीं, बटाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेहताब सिंह ने हत्या में नशे से जुड़े किसी भी पहलू से इनकार किया था। पुलिस के मुताबिक, दो गुटों के बीच मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद हमला हुआ। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच शुरू की थी।
गृह मंत्रालय ने कानून-व्यवस्था पर जताई चिंता
अब केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। ऐसे में मामले में नशे के कारोबार से जुड़े आरोपों और पुलिस की ओर से बताए गए मोबाइल फोन विवाद के बीच घटना की परिस्थितियों को लेकर जांच अहम हो गई है। गृह मंत्रालय ने मामले के संभावित कानून-व्यवस्था संबंधी असर को देखते हुए राज्य सरकार से जानकारी मांगी है।
यह भी पढ़ें: ‘पिज्जा-कोका-कोला से भी जल्दी घर पहुंच रहा चिट्टा’, पंजाब में नशे और गैंगस्टर राज पर सचिन पायलट ने सरकार को घेरा
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने पंजाब में नशे की समस्या और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार और केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में चिट्टा (एक तरह का नशीला पदार्थ) लोगों के घरों तक पिज्जा और कोका-कोला से भी तेजी से पहुंच रहा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
