मौसमः दिल्ली-NCR समेत मैदानी इलाकों में बारिश से बढ़ी ठंड, हिमाचल-उत्तराखंड में बादल फटने की आशंका
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और कुछ इलाकों में बारिश के चलते भू-स्खलन बढ़ गया। इससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ। जम्मू-श्रीनगर हाईवे फिर से बंद हो गया है।

फरवरी के दूसरे हफ्ते में भी मौसम की अठखेलियां पूरे शबाब पर है। पहाड़ों में बर्फ की सफेद चादर बिछी है तो मैदानों में कहीं ठंडी हवाएं, कहीं कोहरा और कहीं बारिश का दौर चल पड़ा है। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में कई ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी हो रही है। इसका असर राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार और शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश और पहाड़ों में भारी बारिश के आसार हैं।
राजधानी में बारिश, कोहरा और लेटलतीफीः दिल्ली और आसपास के इलाके में पिछले एक हफ्ते में रूक-रूक कर कई बार बारिश हो चुकी है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते गुरुवार को तड़के ही बारिश का दौर शुरू हो गया था। इसके बाद ठंडी हवाएं चलीं। ऐसा ही मौसम शुक्रवार तक रहने की संभावना जताई गई है। इससे पहले कोहरे के चलते दिल्ली से गुजरने वाली करीब डेढ़ दर्जन ट्रेनों का टाइम टेबल प्रभावित हुआ।

मैदानों में फिर शीतलहर की आशंकाः एक-दो दिन न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के बाद फिर से मौसम खराब होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में 8 और 9 फरवरी से शीतलहर चल सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ऐसे में इन राज्यों में ठंड फिर से लौट सकती है। मध्य प्रदेश में कुछ जिलों में ओलावृष्टि भी देखने को मिली है।

जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल का हालः गुरुवार को तीनों राज्यों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तो तराई वाले इलाकों में बारिश हुई। बर्फबारी रूक-रूक कर पिछले कई दिनों से जारी है। जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और कुछ इलाकों में बारिश के चलते भू-स्खलन बढ़ गया। इससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ। जम्मू-श्रीनगर हाईवे फिर से बंद हो गया है। इसके चलते स्थानीय बाजारों में कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। स्काईमेट के हवाले से लिखी गई रिपोर्ट के मुताबिक उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को बादल फटने की आशंका है।
#WATCH Srinagar in Jammu & Kashmir receives fresh snowfall pic.twitter.com/dCKQKOgkiE
— ANI (@ANI) February 7, 2019