UP News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में AIMIM पार्षद गुड्डी के पति और पार्टी के नेता हाजी अफजाल के खिलाफ एक महिला ने धमकी देने और ताक-झांक करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के आरोपों के चलते पुलिस ने हाजी अफजाल के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है, और जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, मेरठ के खत्ता रोड की रहने वाली महिला ने मेरठ एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि अफजाल ने भाई जैसा रिश्ता बताकर उसके परिवार का भरोसा जीता। इसके बाद उसकी 22 साल की बेटी को उसके ससुराल से अलग करके शोषण किया।
महिला ने AIMIM नेता पर क्या लगाए आरोप?
महिला ने बताया कि उसकी बेटी का निकाह 17 अप्रैल 2026 को गाजियाबाद में हुआ था। निकाह के कुछ दिन बाद ही आरोपी हाजी अफजाल कथित रूप से युवती को अपने प्रभाव में लेकर ससुराल से अलग ले गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी की युवती पर पहले से बुरी नजर थी और उसने भाई जैसा संबंध बताकर परिवार का विश्वास हासिल किया और बाद में कथित रूप से उससे अनैतिक कार्य कराए।
बैंक में ट्रांसफर की बड़ी रकम
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने युवती के खाते में बड़ी रकम ट्रांसफर की। विरोध करने पर परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर ब्रह्मपुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3) (आपराधिक धमकी) और धारा 77 (ताक-झांक और महिला के निजी पलों की रिकॉर्डिंग) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि शिकायत में भाई समान संबंध का भरोसा दिलाकर युवती के साथ गलत व्यवहार करने और उसकी शादी तुड़वाने के आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस के संज्ञान में एक वीडियो भी आया है, जिसकी जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर युवती का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह नोटों की गड्डियों के साथ दिखाई दे रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कहां और किन परिस्थितियों में बनाया गया। अधिकारियों ने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश में बकरीद पर ड्रोन से निगरानी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गुरुवार को बकरीद से पहले पूरे उत्तर प्रदेश में ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी, गश्त, यातायात व्यवस्था और अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती समेत सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राजधानी लखनऊ में 1,347 पुलिस और यातायात पुलिसकर्मियों के अलावा पीएसी की छह कंपनियां, ‘वायरलेस यूनिट’ और ‘एलआईयू’ की टीमें तैनात की गई हैं जिससे कानून व्यवस्था बनाई रखी जा सके। पढ़िए पूूरी खबर…
