उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में सरधना थाना क्षेत्र की एक मॉडल ने क्षेत्र के ही एक युवक पर शादी का झांसा देकर करीब 10 साल तक शारीरिक और आर्थिक शोषण करने का आरोप लगाया है। मॉडल ने यह भी आरोप लगाया है कि उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता ने इस मामले में एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपा है।

युवती ने क्या कहा शिकायत में?

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि साल 2015-16 में मॉडलिंग के सिलसिले में मुंबई जाने के दौरान उसकी मुलाकात सरधना निवासी युवक वसील से हुई थी। युवक ने उसे मॉडलिंग में आगे बढ़ाने और बाद में शादी करने का भरोसा दिया था।

आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर युवक ने लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और आर्थिक रूप से भी उसका शोषण किया। पीड़िता का दावा है कि जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने धर्म परिवर्तन करने की शर्त रख दी।

50 लाख रुपये लेने, गर्भपात कराने का दावा

युवती का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और पुलिस में शिकायत करने पर निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने बहाने बनाकर उससे करीब 50 लाख रुपये लिए। युवती ने दावा किया है कि तीन बार उसका गर्भपात कराया गया।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सोमवार को थाना सरधना में तहरीर प्राप्त हुई है। अभिजीत कुमार ने कहा कि तहरीर के आधार पर थाना सरधना में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। धर्म परिवर्तन के आरोप के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि दोनों लंबे समय तक मुंबई में साथ रहे थे। अब युवती ने मेरठ में शिकायत दी है, जिसके सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

हिंदू महिलाओं को धर्मांतरण के लिए मजबूर करने का आरोप

महाराष्ट्र में विप्रो की पूर्व कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि कंपनी के पुणे (हिंजवडी) ऑफिस में उसके एक सहकर्मी ने उस पर इस्लाम धर्म अपनाने और संबंध बनाने का दबाव डाला। पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस पूरे मामले की शिकायत कंपनी में की, तो कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।