बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद सोमवार को जब सहारनपुर पहुंचे तो उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए नकुड़ विधानसभा सीट से पार्टी नेता नरेश कुमार सैनी को बीएसपी उम्मीदवार घोषित किया। इस मौके पर सैनी ने वरिष्ठ नेता का स्वागत सोने का मुकुट पहनाकर किया।

बहुजन समाज पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि यह सोने का मुकुट सैनी समुदाय की ओर से भेंट किया गया था। गौरतलब है कि 2000 के दशक के आखिर में, जब बीएसपी सुप्रीमो और आकाश आनंद की बुआ मायावती उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री थीं, तब पार्टी कार्यकर्ताओं से उपहार के तौर पर सोने के मुकुट स्वीकार करने के कारण उन्हें विपक्षी दलों की आलोचना का सामना करना पड़ा था।

आकाश आनंद ने बीजेपी पर बोला हमला

मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने यूपी की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। आकाश ने आरोप लगाया कि पिछले 10 सालों का सरकार का रिपोर्ट कार्ड असल में जनता के पैसे से किए गए फर्जी विज्ञापनों के अलावा कुछ नहीं है। आनंद ने दावा किया कि सरकार ने जनता के टैक्स के 7000 करोड़ रुपये विज्ञापनों, पोस्टरों और होर्डिंग्स पर खर्च कर दिए, जबकि लोगों की मुख्य जरूरतों को पूरा करने में वह पूरी तरह विफल रही।

नरेश कुमार सैनी के लिए वोट मांगते हुए आनंद ने कहा कि किसी भी सरकार से तीन बुनियादी उम्मीदें होती हैं, सुरक्षा, रोजगार और शिक्षा लेकिन बीजेपी इन मोर्चों पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछली समाजवादी पार्टी की सरकार भी इन मामलों में विफल रही थी।

राज्य सरकार ने 25000 स्कूल बंद कर दिए- आकाश आनंद

आनंद ने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक में राज्य सरकार ने लगभग 25000 स्कूल बंद कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा करके दलितों को बेरोजगार रखा जा रहा है और सरकारी शिक्षा तक उनकी पहुंच कम करके उन्हें कमजोर किया जा रहा है।

उन्होंने एआई की तैयारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि एससी, एसटी और ओबीसी समुदायों के बच्चों को एआई के बारे में शिक्षित करने और युवाओं को ऑटोमेशन से नौकरियों पर आने वाले खतरों का सामना करने के लिए तैयार करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं? उन्होंने लगातार हो रहे साइबर हमलों के बीच लोगों के निजी डेटा की सुरक्षा पर भी चिंता जताई। साथ ही, उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी पार्टियां एआई का इस्तेमाल मुख्य रूप से एक-दूसरे के खिलाफ घटिया वीडियो बनाने के लिए कर रही हैं।

आकाश आनंद ने कांग्रेस पर साधा निशाना

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आनंद ने आरोप लगाया कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां वह बीजेपी की तरह ही राजनीति कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस ने हमेशा डॉ. बी.आर. आंबेडकर का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस और सपा नेताओं ने संविधान की प्रतियां दिखाकर वोट मांगे थे, लेकिन उसके बाद से उन्होंने जनता के मुद्दों को कभी नहीं उठाया।

यह भी पढ़ें: मायावती की बात सुनकर आकाश आनंद की आंखों में आंसू, मंच से बसपा प्रमुख को दिया यह भरोसा

बसपा सुप्रीमो मायावती ने आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी दी है। आकाश आनंद ने 28 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने हाल के घटनाक्रमों का जिक्र किया। आकाश आनंद ने कहा कि मैंने बहन जी से पूछा था कि आपने मुझे सजा क्यों दी थी और बार-बार मेरी परीक्षा क्यों लेती हैं? आकाश आनंद ने कहा कि मैं बहुजन समाज के लिए सब कुछ त्यागने को तैयार हूं। उन्होंने कहा कि आदरणीय बहन जी मरते दम तक आप जितनी परीक्षा लेना चाहे, आप लीजिए हम तैयार हैं। मायावती से आकाश आनंद ने रैली में माफी भी मांगी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…