ईद के दिन मथुरा जिले के छाता क्षेत्र में गौसेवक बाबा चंद्रशेखर महाराज की ट्रक से कुचलकर हुई संदिग्ध मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। इस घटना से गुस्साए लोग सड़क पर उतर आए और हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने इसे केवल दुर्घटना मानने से इनकार कर दिया है। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में लोगों ने दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-19) को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हाईवे के दोनों ओर यातायात रोक दिया, जिससे लंबा जाम लग गया और आम यात्रियों व वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसी बीच अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक नाराज लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
गौसेवकों की मांग- पुलिस आरोपियों का “एनकाउंटर” करे
लोगों का आरोप है कि बाबा की मौत एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। वे लगातार ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं। कुछ गौसेवकों ने यह भी कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, यहां तक कि “एनकाउंटर” जैसी मांग पूरी नहीं होती, तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और जाम खुलवाने के लिए बातचीत शुरू की है और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बताया जा रहा है कि बाबा चंद्रशेखर महाराज को क्षेत्र में गौ-तस्करों की गतिविधियों की जानकारी मिली थी, जिसके बाद वे अपनी टीम के साथ उनकी तलाश में निकले थे। इसी दौरान नवीपुर के पास यह हादसा हुआ, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद छाता पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी है ताकि किसी भी आरोपी को भागने का मौका न मिले। बरसाना जाने वाले रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
बाबा का पार्थिव शरीर उनके गांव अंजनोख स्थित गोशाला में लाया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक जुटे हुए हैं। बाबा अपने निडर स्वभाव और गौ-सेवा के लिए ब्रज क्षेत्र में काफी प्रसिद्ध थे। उनकी मौत की खबर फैलते ही कई संगठनों और समर्थकों में गुस्सा और दुख का माहौल है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।
यह भी पढ़ें: पत्नी को मारने की साजिश, तीन कोशिशें फेल, चौथी बार सुपारी देकर रचा ‘सुसाइड’ का खेल
मुंबई से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक शख्स ने तीन बार अपनी पत्नी को जान से मारने की कोशिश की। तीनों बार असफल होने पर चौथी बार उसने सुपारी किलर को काम पर रखा और आत्महत्या का नाटक रचा। जांचकर्ताओं का दावा है कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रची थी क्योंकि इससे पहले उसे मारने के तीन प्रयास विफल रहे थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक
