नोएडा में सोमवार को निजी सेक्टर के कर्मचारियों ने उग्र प्रदर्शन किया। सैलरी बढ़ोतरी समेत अन्य मांगों को लेकर जमकर हंगामा किया। उन्होंने सड़क जाम कर नारेबाजी की। दफ्तरों पर पत्थर फेंके और एक गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों को कंट्रोल करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, प्रदर्शनकारी उनसे भी भिड़ गए। स्थिति बेकाबू होता देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोल दागे।

इधर, प्रदर्शन के कारण नोएडा के सेक्टर-62 से लेकर NH-9 तक भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। सेक्टर-60 के आसपास भी लंबी-लंबी वाहनों की कतारें देखी जा रही हैं, जहां गाड़ियां धीरे-धीरे सरकती नजर आ रही हैं। सड़कों पर बढ़ते जाम की वजह से ऑफिस जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

दो स्कूल बसों की आमने-सामने टक्कर

ग्रेटर नोएडा के दादरी कोतवाली क्षेत्र के आमका रूपबास रोड पर सोमवार सुबह दो स्कूल बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें एक बस में सवार 18 बच्चे घायल हो गए। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत दादरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में एक बस का चालक भी घायल हुआ, जबकि दूसरी बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब सात बजे जीएस एंड मेरी कॉन्वेंट स्कूल, ग्रेटर नोएडा की बस चालक संजीव करीब 30 बच्चों को लेकर दादरी से स्कूल जा रहा था। इसी दौरान आमका रूपबास रोड पर सामने से रामाज्ञा स्कूल की खाली बस तेज रफ्तार में आती हुई टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ।

रिटायर्ड अधिकारी से 18 लाख की ठगी

नोएडा से साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें अपराधियों ने एक बुजुर्ग को 21 दिनों तक “डिजिटल अरेस्ट” में रखकर 18 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित रेलवे के रिटायर्ड अधिकारी हैं। ठगों ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने और जेल भेजने की धमकी देकर डराया, फिर जांच के नाम पर लगातार संपर्क में रखकर उनके बैंक खाते से रकम ट्रांसफर करवा ली।

पीड़ित की शिकायत के बाद सेक्टर-36 स्थित साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

वेतन पर्ची के साथ अतिरिक्त काम पर मिलेगा दोगुना भुगतान

गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के श्रमिकों के हित में कई बड़े फैसले लिए हैं। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में काम करने वाले श्रमिकों को ओवरटाइम का दोगुना भुगतान मिलेगा। यही नहीं रविवार को काम करने पर भी दोगुने पैसे देने पड़ेंगे।

श्रमिकों को साप्ताहिक अवकाश अनिवार्य कर दिया गया है। यही नहीं 30 नवंबर तक बोनस सीधे बैंक खातों में डालने के निर्देश हैं। यही नहीं हर महीने की 10 तारीख तक वेतन और भुगतान पर्ची देना जरूरी कर दिया गया है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष समितियों का गठन करना होगा और शिकायतों के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।

जिलाधिकारी ने मजदूरों से शांति और सहयोग बनाए रखने की अपील की है। जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों में औद्योगिक इकाइयों के साथ हुई बैठकों में कई जरूरी फैसले लिए गए हैं। अब इन फैसलों को सभी कंपनियों में सख्ती से लागू कराया जाएगा।

प्रीपेड मीटर बनी सिरदर्द, 40 हजार से ज्यादा उपभोक्ता परेशान

गौतमबुद्ध नगर में लगाए गए 40 हजार से ज्यादा स्मार्ट प्रीपेड मीटर अब उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। बिजली निगम जहां इन मीटरों पर बिल में करीब दो प्रतिशत की छूट देने का दावा कर रहा है, वहीं बड़ी संख्या में लोग बिल में गड़बड़ी और अपेक्षा से अधिक राशि आने की शिकायत कर रहे हैं। इन शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ रही है और निगम कार्यालय तक रोज नए मामले पहुंच रहे हैं।

दरअसल, योजना के तहत उपभोक्ताओं को आकर्षित करने और उन्हें राहत देने के उद्देश्य से स्मार्ट प्रीपेड मीटर पर छूट की सुविधा दी गई थी, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका उल्टा असर देखने को मिल रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि छूट के बजाय उन्हें ज्यादा बिल का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी नाराजगी बढ़ती जा रही है।