कोलकाता की फ्री स्कूल स्ट्रीट पर एक होटल में आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आग लगने की यह घटना मंगलवार देर रात करीब दो बजे हुई। पुलिस के मुताबिक, आग करीब रात दो बजे शुरू हुई और तेजी से फैल गई।
उस समय होटल में ठहरे ज्यादातर लोग सो रहे थे। इसकी वजह से होटल में ठहरे लोगों के लिए बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया।
मिर्जा गालिब स्ट्रीट के नाम से पहचानी जाने वाली फ्री स्कूल स्ट्रीट कोलकाता के मध्य में एसएन बनर्जी रोड को पार्क स्ट्रीट से जोड़ती है। फायर सर्विस विभाग का मुख्यालय होटल के नजदीक ही है।
28 लोगों को बचाया गया
नौ लोगों को कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मरने वालों में बांग्लादेश, मेघालय और पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार के लोग शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि 28 लोगों को बचाया गया है और उन्हें कोलकाता के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है ।
मरने वालों में पुरुष, महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। पुलिस मृतकों की पहचान की कोशिश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और इमारत के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।
दमकल विभाग के कर्मचारियों ने सीढ़ियों की मदद से होटल की खिड़कियों को तोड़ा और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला और उनकी जान बचाई। कोलकाता के फ्री स्कूल स्ट्रीट पर कई होटल हैं, जहां बांग्लादेश से आने वाले लोग आमतौर पर ठहरते हैं।
होटल में ठहरे एक मेहमान अमीरुल इस्लाम ने बताया, “हम लोगों की चीख सुनकर जागे। हमने चारों तरफ धुआं देखा। हम इमारत की दूसरी मंजिल पर थे। जितना मुझे पता चला, आग पहली मंजिल पर लगी थी। दमकल कर्मियों ने हमें बाहर निकाला। अगर वे नहीं आते तो मैं मर जाता।”
छह लोग घायल
पुलिस के मुताबिक, आग लगने की वजह से छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि होटल में आग बुझाने का कोई उचित इंतजाम नहीं था।
इस घटना से ठीक पहले पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में सोमवार तड़के एक चार मंजिला होटल में भयंकर आग लग गई थी। उस हादसे में भी नौ लोगों की जलकर मौत हो गई थी।
यह भी पढ़ें- मालवीय नगर अग्निकांड का जिम्मेदार आखिर कौन?
मालवीय नगर के होटल में लगी भीषण आग में 21 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक बार फिर इस घटना ने राजधानी दिल्ली के लचर नागरिक प्रशासन और सुरक्षा इंतजामों की पोल एक बार फिर खोल दी है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
