लखनऊ के विकास नगर के टेढ़ी पुलिया इलाके में बुधवार शाम को भीषण आग लग गई जिससे 200 से ज्यादा झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। अधिकारियों के अनुसार, रिंग रोड के पास एक खाली भूखंड में झोपड़ियों में आग लग गयी तथा काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था।

अधिकारियों ने बताया कि जिस इलाके में आग लगी, उसके पास होटल और अलग-अलग ऑटोमोबाइल शोरूम भी हैं।

अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ”आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कम से कम 10 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। घरों के अंदर रखे छोटे रसोई गैस सिलेंडरों में बार-बार विस्फोट होने से अभियान मुश्किल हो गया था।”

गरीब परिवारों का सामान जलकर राख

अधिकारियों के अनुसार, आग में कई गरीब परिवारों का सामान जलकर राख हो गया। अधिकारियों ने कहा कि शुरुआती आकलन में किसी की जान जाने या गंभीर चोट लगने की सूचना नहीं है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं।

अधिकारियों का कहना है कि आग लगने का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है और इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

राजनाथ सिंह ने की डीएम से बात

रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह आग के संबंध में जिलाधिकारी से बात की। बीजेपी की लखनऊ इकाई के अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि रक्षा मंत्री ने स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी से बातचीत की और घटना पर गंभीर चिंता जताते हुए स्थानीय प्रशासन को बचाव एवं राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी विशाख जी. अय्यर ने राजनाथ सिंह को जमीनी स्थिति की जानकारी दी और बताया कि प्रशासन सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रहा है।

पीड़ितों को सहायता पैकेज दे सरकार- अखिलेश यादव

इस बीच, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीड़ितों के लिए तत्काल सहायता पैकेज की मांग करते हुए राज्य सरकार से विस्थापित झुग्गीवासियों के लिए भोजन, पानी और वैकल्पिक आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

यादव ने X पर पोस्ट किया, ”लखनऊ के टेढ़ी पुलिया इलाके की झुग्गी-झोपड़ी में लगी भीषण आग के पीड़ितों के लिए सरकार तत्काल भोजन, पानी और घायलों को तुरंत इलाज उपलब्ध कराए तथा रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करे।” उन्होंने कहा कि इस अग्निकांड की हर पहलू से गहन जांच होनी चाहिए और जो लोग लापता हैं, उनके बारे में हर आशंका दूर की जानी चाहिए। यादव ने कहा, ”हम सभी से हर संभव मदद पहुंचाने की मांग करते हैं।”