छत्तीसगढ़ के बालोद में धान खरीद केंद्र पर मची भगदड़ में कई किसान घायल हो गए हैं। इसे लेकर यूपी बीजेपी के नेता अब हमलावर रूख अपनाते दिख रहे हैं। किसानों के घायल होने की घटना को लेकर बीजेपी नेता गांधी परिवार पर निशाना साध रहे हैं।
यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने ट्वीट कर कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि क्या सोनिया गांधी अपने बच्चों को पॉलिटिकल टूरिज्म के लिए छत्तीसगढ़ भेजेंगी। मंत्री ने कहा- “क्या श्रीमती सोनिया गांधी अब अपने बच्चों को पॉलिटिकल टूरिज्म के लिए छत्तीसगढ़ भेजेंगी? क्योंकि बालोद में किसानों के साथ हुई घटना वहां के प्रशासन की लापरवाही के कारण हुई है। यह बेहद दुखद घटना है, जिसमें धान खरीदी केंद्र पर टोकन लेने के लिए वृद्ध एवं महिलाएं बुरी तरह घायल हो गए”।
सिद्धार्थ नाथ सिंह जिस घटना के लिए कांग्रेस पर निशाना साध रहे हैं, उस घटना के बारे में बताते हुए अधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के एक सहकारी समिति केंद्र पर सोमवार को भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। यहां बड़ी संख्या में किसान अपने धान को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए टोकन लेने पहुंचे थे। इस घटना में कुछ लोग घायल हो गए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि टोकन वितरण में लापरवाही के लिए सोसायटी प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है। बालोद कलेक्टर जनमेजय महोबे ने बताया कि पिपराछेड़ी समाज केंद्र ने सोमवार को अपने अधिकार क्षेत्र के सभी चार गांवों के किसानों को टोकन लेने के लिए बुलाया था, जिसके कारण महिलाओं सहित बड़ी संख्या में किसान वहां पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि सोसायटी परिसर में घुसने की कोशिश में कुछ लोग जमीन पर गिर गए और उन्हें मामूली चोटें आईं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद स्थानीय अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
वहीं दूसरी ओर सिद्धार्थ नाथ सिंह के इस ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स उनकी खिंचाई भी करते हुए दिखे। लोगों ने कहा कि भाजपा की छत्तीसगढ़ यूनिट क्या कर रही है। उनको इस मुद्दे को जोर शोर से उठाना चाहिए।