Tripura : माणिक साहा ने अगरतला में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। वह लगातार दूसरी बार त्रिपुरा के मुख्यमंत्री होंगे। माणिक साहा को सोमवार (6 मार्च) को सर्वसम्मति से विधायकों का नेता चुना गया था। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
शपथ ग्रहण समारोह में अगरतला के स्वामी विवेकानंद मैदान पहुंचे हैं।
इस दौरान टिंकू रॉय, बिकाश देबबर्मा, सुधांशु दास, शुक्ला चरण नोआतिया, रतन लाल नाथ, प्राणजीत सिंहा रॉय, संताना चकमा और सुशांत चौधरी ने त्रिपुरा के मंत्रियों के रूप में शपथ ली है।
अगरतला में शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, हिमंत बिस्वा सरमा आदि शामिल हुए। इस मौके पर अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडा, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और सिक्किम के मुख्यमंत्री पीएस तमांग भी मौजूद थे।
पिछली सरकार के चार मंत्रियों को मंत्रीमंडल में बरकरार रखा गया है। इसमें रतन लाल नाथ, प्राणजीत सिंघा रॉय, शांताना चकमा और सुशांत चौधरी हैं। बीजेपी ने टिंकू रॉय, भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रमुख बिकाश देबबर्मा और सुधांशु दास को भी शामिल किया है। भाजपा की सहयोगी दल इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) को एक मंत्री पद मिला है।
सूत्रों के मुताबिक मंत्रीमंडल में टिपरा मोथा को शामिल करने के भी प्रयास चल रहे हैं। हालांकि चुनाव से पहले भाजपा की टिपरा मोथा के साथ बातचीत सफल नहीं रही थी।
सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक अपनी संसदीय सीट पर बनी रहेंगी और धनपुर विधानसभा सीट छोड़ देंगी, जिसे उन्होंने इस चुनाव में जीता था।